मुंबई

Mumbai Rains: मोनो रेल में आई तकनीकी खराबी, सैकड़ों यात्री अंदर फंसे, बचाव अभियान जारी

Mumbai Monorail Stuck : मुंबई में भारी बारिश के बीच मोनोरेल के अचानक रुक जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है और बचाव अभियान जारी है।
2 min read
Aug 19, 2025
Mumbai Monorail stuck
मुंबई में मोनोरेल में फंसे सैकड़ों यात्री

मुंबई में हो रही लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर के कई इलाके पानी में डूबे हैं और सड़क से लेकर रेल तक यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोकल ट्रेनें पहले से ही धीमी गति से चल रही हैं, जिससे स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ आई है। इसी बीच सोमवार शाम एक और बड़ी समस्या सामने आई, जब चेंबूर और भक्ती पार्क के बीच चल रही मोनोरेल अचानक बीच रास्ते में रुक गई। यात्रियों ने बीएमसी की हेल्पलाइन 1916 पर कॉल कर मदद मांगी। इसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड ने तीन स्नॉर्कल वाहनों की मदद से राहत कार्य शुरू किया है।

मोनोरेल में फंसे यात्री, मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, आज शाम करीब 6:15 बजे यह मोनोरेल अचानक बंद हो गई। घटना के समय मोनोरेल में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि मोनोरेल की बिजली ठप होने से लाइट और एसी ने भी काम करना बंद कर दिया है, जिससे यात्रियों का दम घुटने लगा और घबराहट का माहौल बन गया है।

मुंबई पुलिस के अलावा मोनोरेल यात्रियों को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया है। मैसूर कॉलनी स्टेशन के पास एक मोनोरेल में बिजली आपूर्ति की समस्या उत्पन्न हुई। शाम 6:15 बजे से चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच सेवाएं बंद हैं। हालांकि वडाला से चेंबूर के बीच सेवाएं चालू हैं।

फायर ब्रिगेड ने शुरू किया बचाव अभियान

यात्रियों ने लगाई मदद की गुहार

अचानक मोनोरेल रुक जाने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने आपातकालीन मदद के लिए बीएमसी की हेल्पलाइन 1916 पर कॉल किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्नॉर्कल वाहनों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

मुंबई में लोकल सेवा बाधित

भारी बारिश के चलते मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं आज बुरी तरह प्रभावित हुई। मध्य और हार्बर लाइन पर पटरियों पर पानी भर जाने से दोपहर में ट्रेन सेवाएं ठप हो गईं। जबकि पश्चिम रेलवे की उपनगरीय सेवाएं भी प्रभावित हुई और लोकल ट्रेनें धीमी गति से चलीं। मध्य और पश्चिम रेलवे की कुल 16 लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया। मध्य रेलवे ने आज 14 लंबी दूरी की ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दी, जबकि पश्चिम रेलवे ने दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया।

Updated on:
19 Aug 2025 08:20 pm
Published on:
19 Aug 2025 07:56 pm