मुंबई

मुंबई में इस बार खूब बरसेंगे बदरा! मॉनसून को लेकर IMD ने दी नई खुशखबरी

IMD Monsoon 2025 Update : मौसम विभाग ने इस वर्ष मॉनसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Apr 2025, 9:46 PM IST
IMD weather Warning

Mumbai Monsoon 2025 : मुंबई और उपनगरों में इस साल मॉनसून खुशखबरी (Good news on Monsoon 2025) लेकर आने वाला है। क्षेत्रीय मौसम विभाग (IMD Mumbai) के ताजा अनुमान के मुताबिक, मुंबई में सामान्य से अधिक बारिश होने की बहुत संभावना है। यदि यह अनुमान सही साबित हुआ, तो तपती गर्मी के अलावा मुंबईकरों को पानी की किल्लत से भी निजात मिल जाएगी।

क्षेत्रीय मौसम विभाग (आईएमडी) की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि प्रारंभिक विश्लेषण से संकेत मिले हैं कि इस साल मॉनसून मुंबई में मेहरबान रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले कुछ दिनों में विभाग द्वारा एक और विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी, जिससे मॉनसून के पैटर्न को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिलेगी। 

महाराष्ट्र में मॉनसून रहेगा सक्रिय

सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में इस बार मॉनसून सक्रिय रहने के संकेत हैं। कहीं सामान्य बारिश, तो कहीं सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश भी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल देश में अच्छी बारिश होगी क्योंकि मॉनसून पर अल नीनो (AL Nino Effect On Indian Monsoon) का कोई खतरा नहीं है।

मुंबई में कब आएगा मॉनसून?

मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून आमतौर पर 1 जून को केरल के तट पर दस्तक देता है और इसके बाद सात से आठ दिनों में महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों, विशेष रूप से मुंबई तक पहुंचता है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मॉनसून 2025 के समय पर पहुंचने की संभावना जताई गई है।

वहीँ, मौसम के जानकारों का कहना है कि जून के पहले सप्ताह में मुंबई में मॉनसून 2025 की एंट्री हो सकती है और पूरे कोंकण में मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी। मुंबई समेत मध्य महाराष्ट्र में इस बार अधिक बारिश की संभावना जताई जा रही है।

अच्छे मॉनसून की उम्मीद के साथ मुंबई में बरसात के स्वागत की तैयारियां जारी हैं। हालांकि सभी की निगाहें मौसम विभाग की आने वाली आगामी रिपोर्ट पर हैं, जो मॉनसून के बारे में अधिक सटीक और विस्तृत जानकारी देगी।

Updated on:
17 Apr 2025, 9:46 PM IST
Published on: