Mumbai Local Train: मुंबई में भीड़भाड़ के बीच आरामदायक सफर की चाह रखने वाले यात्रियों के लिए यह पहल निश्चित रूप से राहत देने वाली है।
मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों में अब सफर और ज्यादा आरामदायक होता जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में एसी लोकल ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी देखी गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने मुंबई उपनगरीय खंड में वातानुकूलित लोकल सेवाओं की संख्या लगातार बढ़ाई है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, फिलहाल सोमवार से शुक्रवार तक वेस्टर्न लाइन पर 133 एसी लोकल सेवाएं चलाई जा रही हैं। वहीं शनिवार और रविवार को 106 एसी लोकल ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इससे सप्ताहांत में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी आरामदायक सफर का विकल्प मिल रहा है।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष जनवरी में 12 नई एसी लोकल सेवाएं शुरू की गईं, जबकि फरवरी में 12 और सेवाएं जोड़ी गईं। इन नई सेवाओं के साथ पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर एसी लोकल की कुल संख्या बढ़कर 133 हो गई है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि एसी लोकल ट्रेनों को उपनगरीय नेटवर्क के विभिन्न वर्गों के यात्रियों से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और सप्ताहांत में यात्रा करने वालों के लिए ये सेवाएं खास तौर पर राहतभरी साबित हो रही हैं।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए एसी लोकल ट्रेनों की बढ़ती उपलब्धता यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा मानी जा रही है।
पश्चिम रेलवे का कहना है कि वह सुरक्षित, कुशल और यात्री-अनुकूल सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। एसी लोकल सेवाओं का विस्तार दैनिक यात्रा की गुणवत्ता सुधारने और मुंबई की उपनगरीय रेल व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।