
मुंबई में पार्किंग विवाद बना मौत का कारण (Photo: IANS/File)
मुंबई के माटुंगा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार रात पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान नरेश वाघेला के तौर पर हुई है, जो नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरी घटना माटुंगा के दादर टीटी ब्रिज के पास की है। रविवार रात आरोपी शाहबाज शेख और साहिल घाडगे ने अपनी कार नरेश वाघेला के घर के सामने पार्क की थी। वाघेला ने अपने घर के बाहर कार खड़ी करने पर आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि इस दौरान वाघेला ने गुस्से में कार के टायर की हवा भी निकाल दी थी। इसी बात से भड़के आरोपी कुछ देर बाद अपने दोस्तों के साथ लौटे और वाघेला पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी बेबस होकर मदद के लिए चीखती रही।
आरोपियों ने नरेश वाघेला के साथ गाली-गलौज की और उन पर लात-घूसों की बरसात कर दी। हमले के दौरान वाघेला अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी पत्नी सविता वाघेला उन्हें आनन-फानन में केईएम (KEM) अस्पताल ले गईं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को दादर टीटी ब्रिज के पास पार्किंग विवाद के चलते हुए हमले में वरिष्ठ नागरिक नरेश वाघेला की मौत हो गई। वाघेला ने वाहन को खड़ा करने के तरीके पर आपत्ति जताई थी, जिसके चलते आरोपियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों आरोपियों ने वाघेला पर उनकी पत्नी के सामने हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वाघेला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
मृतक की पत्नी सविता वाघेला की शिकायत के आधार पर माटुंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों शाहबाज शेख और साहिल घाडगे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से जुड़ी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Published on:
15 Apr 2026 05:33 pm
