
कोल्हापुर में दरिंदगी की हदें पार, व्यापारी को तड़पा-तड़पाकर मारा (AI Image)
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। शिरोल तहसील के दानोली गांव में एक थोक सब्जी व्यापारी की बेहद क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने न केवल व्यापारी का अपहरण किया, बल्कि 25 लाख रुपये की फिरौती के लिए उन्हें बैटरी से गुप्तांगों और शरीर के अन्य हिस्सों पर बिजली के झटके देकर तड़पा-तड़पा कर मार डाला।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय भरतेश्वर राजगोंडा टोपगोंडा के रूप में हुई है। सोमवार रात करीब 9 बजे जब भरतेश्वर घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोककर उनका अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने भरतेश्वर के ही मोबाइल से उनके चचेरे भाई महावीर को फोन किया और कहा, फूलों के व्यापार के 25 लाख रुपये देने हैं, जल्दी लेकर आ जाओ। हालांकि जब भाई ने आमने-सामने बैठकर बात करने की बात कही तो आरोपियों ने फोन काट दिया।
मंगलवार सुबह करीब 6 बजे शेरीमला रोड पर भरतेश्वर की गाड़ी और चप्पल मिलीं। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे पास के गन्ने के खेत में उनका शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
भरतेश्वर के शव पर मिले चोट के निशान इतने भयानक थे कि पुलिस भी दंग रह गई। प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने उनके कान के पीछे चाकू से गहरा वार किया था। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने बैटरी का इस्तेमाल कर उनकी गर्दन, पेट, कान और गुप्तांगों पर बिजली के झटके दिए। असहनीय यातनाएं देने के बाद अंत में गला घोंटकर उनकी जान ले ली गई। पुलिस को संदेह है कि अपहरण के कुछ ही घंटों बाद आधी रात को ही उनकी हत्या कर दी गई थी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात 11 बजे ही उन्होंने पुलिस को फिरौती के फोन की रिकॉर्डिंग सुनाई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। आरोप है कि पुलिस ने केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की और परिजनों को यह कहकर वापस भेज दिया कि सुबह मामले को देखा जाएगा। परिजनों का मानना है कि अगर पुलिस समय पर एक्शन लेती, तो भरतेश्वर की शायद जान बचाई जा सकती थी।
जयसिंहपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम राजदीप अजय ताडे (21) और मंथन उर्फ टिल्लू पवार (21) हैं। जिला पुलिस प्रमुख योगेश कुमार गुप्ता ने गहन जांच के आदेश दिए हैं। भरतेश्वर अपने पीछे पत्नी, बेटी, मां और भाई का छोड़ गए हैं।
Updated on:
15 Apr 2026 05:11 pm
Published on:
15 Apr 2026 05:02 pm
