27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाराष्ट्र में बड़ी रेल दुर्घटना टली, कर्जत के पास ढलान पर अनियंत्रित होकर दौड़ी मालगाड़ी, देखें वीडियो

महाराष्ट्र में एक बड़ा रेल हादसा टल गया जब पलसधरी और कर्जत स्टेशनों के बीच ढलान पर एक लोडेड मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर नीचे की ओर लुढ़कने लगी। घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Feb 27, 2026

Goods Train Karjat Mishap

कर्जत के पास ढलान पर अनियंत्रित होकर दौड़ी मालगाड़ी (Photo: X)

महाराष्ट्र में एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से बाल-बाल बच गया। पलसधरी और कर्जत रेलवे स्टेशनों के बीच एक ढलान पर मालगाड़ी के अनियंत्रित होकर लुढ़कने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मध्य रेलवे (Central Railway) ने इस गंभीर लापरवाही को लेकर उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मालगाड़ी भारी माल लेकर जा रही थी। घाट सेक्शन की ढलान पर उतरते समय ट्रेन की रफ्तार नियंत्रण से बाहर हो गई। जैसे ही इसकी सूचना अधिकारियों तक पहुंची, संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लाया गया।

ट्रेनी लोको पायलट की चूक?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन के संचालन में ट्रेनी लोको पायलट भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि ढलान पर उतरते समय ट्रेन को सही तरीके से नियंत्रित नहीं किया जा सका। हालांकि इस दौरान कोई जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

ब्रेक की जांच में ये खुलासा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद मालगाड़ी के ब्रेक सिस्टम की विस्तृत जांच की गई। जांच में ब्रेक सही पाए गए। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला तकनीकी खराबी का नहीं, बल्कि ट्रेन संचालन में हुई मानवीय त्रुटि का हो सकता है। जांच चल रही है।

जांच के बाद कार्रवाई तय

मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि चूक कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पलसधरी-कर्जत घाट सेक्शन संवेदनशील माना जाता है क्योंकि यहां ट्रेनों को नियंत्रित गति में चलाना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।