
Mumbai Airport Terminal 2 Mosque Controversy: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (CSMIA) के टर्मिनल-2 (T2) के पास बनी मस्जिद को लेकर विवाद तेज हो गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने इस ढांचे को अनधिकृत घोषित करते हुए एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को इसे तत्काल हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। प्राधिकरण की ओर से मस्जिद के गेट पर नोटिस भी चिपकाया गया है। इस कार्रवाई के बाद एयरपोर्ट परिसर में बनी मस्जिद का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
MMRDA के आदेश के मुताबिक, मेसर्स अशबुल जन्ना एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मस्जिद के निर्माण को वैध साबित करने के लिए जो दस्तावेज जमा किए गए थे, वे पर्याप्त नहीं हैं। महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के प्रावधानों के तहत इस निर्माण को कानूनी संरक्षण नहीं दिया जा सकता। प्राधिकरण ने इस ढांचे को नियमों के खिलाफ और अनधिकृत पाया है। इसी आधार पर MIAL को मस्जिद हटाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
इस मामले को बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने 3 सितंबर को अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट परिसर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि टर्मिनल-2 के पास टैक्सी पार्किंग क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति के मस्जिद का निर्माण किया गया है। सोमैया ने इस निर्माण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था और इसे जल्द से जल्द हटाने की मांग की थी।
MMRDA के आदेश के बाद किरीट सोमैया ने कहा कि मुंबई एयरपोर्ट पर बने कथित अवैध मस्जिद को हटाने के लिए प्राधिकरण और महाराष्ट्र सरकार ने आदेश जारी किया है। उन्होंने दावा किया कि अगले कुछ दिनों में मस्जिद को गिराने की कार्रवाई की जाएगी। सोमैया ने यह भी कहा कि मस्जिद का निर्माण करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल MMRDA के आदेश के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है। एयरपोर्ट परिसर में स्थित इस निर्माण को हटाने की जिम्मेदारी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को दी गई है।