मुंबई

सांप ने काटा, सांप ने काटा… टैक्सी रुकते ही वर्ली सी लिंक से समुद्र में कूदा कारोबारी, परिवार में कोहराम

Mumbai Suicide Case: बांद्रा-वर्ली सी लिंक (Bandra-Worli Sea Link) से बढ़ती आत्महत्या की घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं। सी लिंक पर गश्त बढ़ाने और आत्महत्या रोकने के उपाय करने की मांग की जा रही है।
less than 1 minute read
Sep 18, 2025
Mumbai Bandra-Worli sea link Suicide
कारोबारी ने वर्ली सी-लिंक से समुद्र में लगा दी छलांग (File Photo)

मुंबई में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बुधवार आधी रात बांद्रा-वर्ली सी लिंक (Bandra-Worli sea-link) पर 47 वर्षीय व्यवसायी अमित शांतिलाल चोपड़ा (Amit Chopra) ने समुद्र में कूदकर जान दे दी। मृतक इमिटेशन ज्वेलरी (Imitation Jewellery) का कारोबार करता है। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने व्यापारिक नुकसान के कारण यह कदम उठाया।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब एक बजे अमित चोपड़ा ने अंधेरी से टैक्सी ली थी। सी-लिंक पर पहुंचने के बाद अचानक उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया कि उन्हें सांप ने काट लिया है। यह सुनकर घबराए टैक्सी चालक ने गाड़ी साइड में रोक दी। तभी व्यवसायी ने टैक्सी का दरवाजा खोला और सीधे समुद्र में छलांग लगा दी। चालक ने तुरंत सी-लिंक कर्मियों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। बाद में शव सुबह 10 बजे के करीब जुहू के पास समुद्र तट पर पाया गया।

यह घटना बुधवार रात करीब 1.30 बजे घटी। अमित चोपड़ा मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ अंधेरी (पश्चिम) इलाके में रहते थे। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की असली वजह परिवार से पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्ली सी-लिंक पर आत्महत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। इस वजह से पुलिस ने यहां अतिरिक्त सावधानियां बरतने की व्यवस्था की थी, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटना नहीं थम रही है।

Published on:
18 Sept 2025 01:58 pm