
Car Fire in Mumbai:मुंबई के आलीशान कोस्टल रोड टनल के अंदर दौड़ती एक कार अचानक धूं-धूं कर जल उठी। कार से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर टनल के अंदर हड़कंप मच गया। लोग इतने डर गए कि अपनी जान बचाने के लिए गाड़ियों को बीच रास्ते से ही यू-टर्न लेकर वापस मोड़ने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। जब कोस्टल रोड टनल से गाड़ियां गुजर रही थीं, तभी एक कार से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी टनल में धुआं फैलने लगा। टनल के भीतर फंसे यात्रियों ने तुरंत इस भयावह स्थिति की जानकारी मुंबई फायर ब्रिगेड को दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के समय टनल के अंदर मौजूद एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस खौफनाक मंजर का एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग डर के मारे टनल के अंदर दौड़ रहे हैं।
चश्मदीद यात्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि 'मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं किया। हम वर्ली की तरफ से कोस्टल रोड टनल में दाखिल हुए थे और कुछ ही मिनटों के भीतर सैकड़ों लोग हमारी ओर उल्टी दिशा में दौड़ते हुए आ रहे थे। जब मैंने भाग रहे एक शख्स से पूछा कि आखिर क्या हुआ है, तो उसने घबराते हुए बस इतना कहा- आगे आग लगी है!'
इस टनल को 'धर्मवीर स्वराज्य रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज मुंबई कोस्टल रोड' के नाम से जाना जाता है। यह 8-लेन का एक बेहद आधुनिक एक्सप्रेसवे है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन लाइन्स को उत्तरी छोर कांदिवली से जोड़ता है। भारत की इस पहली समुद्र के नीचे बनी सुरंग में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुस्तैदी से काम करते हुए कार में लगी आग को बेहद कम समय में पूरी तरह बुझा दिया गया और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। टनल में धुआं निकालने वाले वेंटिलेशन सिस्टम की मदद से स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया गया।