
Mumbai Auto Driver Assault: मुंबई की सड़कों पर एक ऐसी दिल को झकझोर देने वाली घटना घटी है, जिसको देखने के बाद हर कोई अपना-अपना गुस्सा जाहिर कर रहा है। इतना ही नहीं इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सूबे के उपमुख्यमंत्री को भी एक्शन में आने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल, सड़क पर थूकने जैसी मामूली बात पर टोकने से भड़के एक ऑटो चालक ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए एक बुजुर्ग राहगीर पर जानलेवा हमला कर दिया और बेरहमी से उनका पैर तोड़ डाला। इस अमानवीय और बर्बर घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हर तरफ आक्रोश फैल गया। बुजुर्ग के साथ हुई इस हैवानियत का वीडियो देख महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।
बुजुर्ग के साथ हुई बदसलूकी के बाद आक्रोशित शिवसेना के दोनों धड़ों (शिंदे और उद्धव गुट) के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उस ओला कैब ड्राइवर को ढूंढ निकाला। जैसे ही आरोपी चालक हाथ लगा, गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले उसे एक जोरदार तमाचा जड़ दिया। इस बीच जब डरा हुआ ड्राइवर अपनी सफाई देने की कोशिश करने लगा, तो वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने भी उस पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। बुजुर्ग राहगीर की बेरहमी से पिटाई करने वाले इस कैब चालक की अपने स्तर पर 'सुताई' करने के बाद, कार्यकर्ताओं ने उसे वर्तक नगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बता दें कि बुजुर्ग के साथ हुई इस अमानवीय हैवानियत के बाद आक्रोशित शिवसेना कार्यकर्ताओं ने आरोपी ओला चालक को ऐसा कड़ा सबक सिखाया है जिसे वह ताउम्र नहीं भूल पाएगा। कार्यकर्ताओं की इस त्वरित और आक्रामक कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि समाज के सीनियर सिटीजन्स या किसी भी असहाय व्यक्ति के साथ की गई बदसलूकी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस तरह की गुंडागर्दी करने वाले तत्वों के मन में कानून और समाज का खौफ होना बेहद जरूरी है, और इस ओला ड्राइवर की जो हालत की गई है, वह सड़क पर चलने वाले हर उस शख्स के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो खुद को कानून से ऊपर समझता है।