26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

SCLR Update: मुंबई वालों को बड़ा तोहफा! BKC से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक शुरू होगा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर

Santacruz Chembur Link Road Update: मुंबई का SCLR एक्सटेंशन अंतिम चरण में पहुंच गया है। BKC से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिलने से सांताक्रूज, वाकोला, कालिना, कुर्ला, चेंबूर, कलानगर और इसके आस-पास के इलाकों में ट्रैफिक जाम कम होगा।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jul 26, 2026

BKC Vakola Flyover

मुंबई में 11 किमी लंबा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर जल्द होगा शुरू (Photo: IANS/File)

SCLR Extension Signal Free Route BKC: मुंबई में बहुप्रतीक्षित सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड (SCLR) एक्सटेंशन का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) से वाकोला (Vakola) को जोड़ने वाले मुख्य एलिवेटेड आर्म का काम लगभग पूरा कर लिया है। इसके शुरू होने के बाद बीकेसी से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH) तक सीधी और पूरी तरह सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

करीब 10.88 किलोमीटर लंबे इस पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर के चालू होने से मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच सफर पहले से कहीं अधिक तेज और आसान हो जाएगा।

11 किमी लंबा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर होगा तैयार

परियोजना के अंतिम चरण में वाकोला नाले के ऊपर दो स्तरों पर 54-54 मीटर लंबे ट्विन कंपोजिट गर्डर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इन्हीं के जरिए बीकेसी, वाकोला और अन्य एलिवेटेड मार्गों को जोड़कर वाहन चालकों के लिए लगभग 11 किलोमीटर लंबा सिग्नल-फ्री मार्ग तैयार किया गया है। यह हिस्सा बीकेसी स्थित भारत डायमंड बोर्स को वाकोला से जोड़ता है और पूरे नेटवर्क की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

भीड़भाड़ वाले इलाके में इंजीनियरिंग का बड़ा कारनामा

MMRDA के अधिकारियों के अनुसार, यह निर्माण कार्य मुंबई के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक में किया गया, जहां पारंपरिक निर्माण तकनीक का इस्तेमाल संभव नहीं था।

इंजीनियरों ने 700 टन और 500 टन क्षमता वाली विशाल क्रेनों की मदद से फुल-स्पैन लॉन्चिंग तकनीक अपनाकर गर्डर स्थापित किए। प्रत्येक गर्डर की लंबाई 54 मीटर, चौड़ाई 8.5 मीटर और वजन लगभग 358 टन है। पूरे निर्माण के दौरान ट्रैफिक संचालन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।

1.4 किमी का हिस्सा बनेगा गेम चेंजर!

हालांकि बीकेसी-वाकोला आर्म की लंबाई केवल 1.4 किलोमीटर है, लेकिन यह पूरे SCLR नेटवर्क का सबसे अहम हिस्सा है। इसमें 500 मीटर लंबा चार लेन का एलिवेटेड मार्ग और 900 मीटर लंबे दो लेन कनेक्टर शामिल हैं। इससे ट्रैफिक कई दिशाओं में बंट सकेगा, जिससे प्रमुख जंक्शनों पर वाहनों का दबाव कम होगा।

इन इलाकों के लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

SCLR एक्सटेंशन शुरू होने के बाद सांताक्रूज, वाकोला, कालिना, कुर्ला, चेंबूर, कलानगर और BKC के बीच यात्रा अधिक तेज और सुगम हो जाएगी। इसके अलावा ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (EEH) और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH) के बीच बीकेसी के जरिए सीधा, सिग्नल-फ्री संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रा का समय घटेगा, ट्रैफिक जाम कम होगा और शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।