मुंबई

Mumbai Diwali Fire: दिवाली पर आग की 140 से ज्यादा घटनाएं, मालवणी में 16 साल के शनवाज की दर्दनाक मौत

Mumbai Diwali Fire: मुंबई में दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने की 137 घटनाएं हुईं। मालवणी में दुकान में भीषण आग लगने से 16 वर्षीय शनवाज नियाज खान की मौत हो गई। सोमवार रात शहर में पांच जगह आग लगी।
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 10:04 AM IST
Mumbai Diwali Fire Incidents
भिवंडी में 48 घंटे में 23 जगह आग (Photo: IANS/File)

Mumbai Fire News: मुंबई में पटाखों ने दिवाली की खुशियों को मातम में बदल दिया। मालाड के मालवणी इलाके में दुकान में लगी भीषण आग के दौरान 16 वर्षीय किशोर की जलकर मौत हो गई। दिवाली के दौरान मुंबई में पटाखों से आग लगने की 140 से ज्यादा घटनाएं सामने आई हैं, जो पिछले दो वर्षों के मुकाबले काफी ज्यादा हैं।

सोमवार को भी शहर में पांच अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें सबसे दर्दनाक हादसा मालाड पश्चिम के मालवणी इलाके में हुआ, जहां एक दुकान में लगी भीषण आग के कारण 16 साल के किशोर की जान चली गई। मृतक की पहचान शनवाज नियाज खान के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मालवणी में दुकान में लगी भीषण आग, शनवाज की मौत

जानकारी के मुताबिक, मालाड पश्चिम के मालवणी इलाके में गेट नंबर 8 के पास अब्दुल हमीद मार्ग पर स्थित एक दुकान में आग लग गई। दुकान इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर थी। आग करीब 20x30 फीट के क्षेत्र में फैल गई थी। इसी दौरान पटाखों के विस्फोट के कारण दुकान का स्लैब भी ढह गया।

हादसे के बाद एक किशोर लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद वह दुकान के अंदर मृत अवस्था में मिला। आग की चपेट में आने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। उसे निजी एंबुलेंस की मदद से बीएमसी के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इस हादसे में 16 वर्षीय शनवाज नियाज खान की मौत ने पूरे मालवणी इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

मुंबई में सोमवार रात 5 जगह लगी आग

मालवणी के अलावा सोमवार रात मुंबई के चार अन्य इलाकों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। हालांकि, अग्निशमन दल की तत्परता से इन जगहों पर आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दहिसर के कंदरपाड़ा इलाके में आरबीआई कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क पर प्रसिद्ध गुंदेचा स्कूल के पास आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया।

धारावी में एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित किया। वहीं, रात करीब 2:40 बजे चुनाभट्टी इलाके में साईनाथ सेवा मंडल के व्यायामशाला के प्लास्टिक शेड में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और चुनाभट्टी पुलिस मौके पर पहुंचे। कुछ देर में आग बुझा दी गई।

अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला इलाके की एक इमारत में भी रात के समय आग लग गई। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। इसके साथ ही मालवणी की घटना में एक किशोर की मौत के अलावा अन्य चार घटनाओं में किसी के घायल होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

दिवाली पर मुंबई में पटाखों से आग लगने की 137 घटनाएं

मुंबई में इस साल दिवाली के दौरान पटाखों के कारण आग लगने की घटनाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को पटाखों की वजह से आग लगने की 137 घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में दो महिलाएं झुलस गईं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के आंकड़ों के अनुसार, एक ही दिन में दर्ज की गई ये घटनाएं पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक हैं।

पिछले दो वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने की 80 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 113 हो गई थी।

बीएमसी के रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2024 में छह दिनों के दिवाली उत्सव के दौरान आग लगने की कुल 262 घटनाएं हुई थीं। इनमें से 80 घटनाएं पटाखों के कारण हुई थीं और तीन लोग झुलस गए थे।

वहीं, वर्ष 2025 में दिवाली के दौरान आग लगने की कुल 289 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इनमें से 113 घटनाएं पटाखों से जुड़ी थीं। हालांकि, उस साल आग की इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी।

Updated on:
10 Nov 2026, 10:04 AM IST
Published on: