
Madh Island crime: मुंबई में कॉलेज के छात्रों की पार्टी के दौरान एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसी कॉलेज में पढ़ने वाले 22 वर्षीय छात्र ने पार्टी के दौरान युवती के कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया और उसके बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। यह घटना पिछले महीने 29 अक्टूबर को मुंबई के मड आइलैंड में हुई थी। पुलिस ने आरोपी को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर मुंबई लाया है। फिलहाल आरोपी पांच दिन की पुलिस हिरासत में है।
पुलिस के मुताबिक, जुहू स्थित एक कॉलेज के कुछ छात्रों ने 29 अक्टूबर को मड आइलैंड में पार्टी आयोजित की थी। यह इलाका मालवणी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। पार्टी में कॉलेज के कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
आरोप है कि इसी दौरान 22 वर्षीय छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाली 19 वर्षीय छात्रा के ड्रिंक में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला दिया। जिसे पीने के बाद जब युवती बेहोश हो गई, तब आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
घटना के बाद जब पीड़िता को होश आया तो वह अपने घर पहुंची और उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने जुहू पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मालवणी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 74, 123 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। बाद में शिकायतकर्ता परिवार के अनुरोध पर मामले की जांच जुहू पुलिस स्टेशन को सौंप दी गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। वारदात के बाद वह छत्तीसगढ़ चले गया था। पुलिस की टीम ने उसे छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लेकर आई। उसे अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी छात्र को पांच दिन के पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पार्टी स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। इसके अलावा पार्टी में मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।