मुंबई

Mumbai Monorail: देश की पहली मोनोरेल सेवा अस्थायी रूप से बंद, इस वजह से लिया गया फैसला

Mumbai Monorail Shut : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एमएमआरडीए के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा, मुंबईवासियों के सहयोग से हम मोनोरेल को और अधिक मजबूत रूप में वापस लाएंगे।
2 min read
Sep 16, 2025
Mumbai Monorail Shut News
मुंबई मोनोरेल अस्थायी रूप से बंद (Photo: IANS)

मुंबई मोनोरेल सेवाओं (Mumbai Monorail News) को अस्थायी रूप से बंद करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने घोषणा की है कि 20 सितंबर 2025 से चेंबूर से संत गाडगे महाराज चौक के बीच मोनोरेल सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित रहेंगी। मुंबई मोनोरेल पूरे देश में एकमात्र मोनोरेल सेवा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, एमएमआरडीए ने यह कदम सिस्टम अपग्रेडेशन और भविष्य की जरूरतों के अनुसार मोनोरेल को और मजबूत बनाने के लिए उठाया गया है। इस दौरान नए रेक का समावेश, अत्याधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम की स्थापना और पुराने रेक्स का नवीनीकरण किया जाएगा।

मुंबई मोनोरेल में बड़े बदलाव की तैयारी

एमएमआरडीए पहली बार मोनोरेल में कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (CBTC) तकनीक ला रहा है। सीबीटीसी तकनीक हैदराबाद में विकसित किया गया है। पांच इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, 260 वाई-फाई एक्सेस पॉइंट, 500 RFID टैग, 90 ट्रेन डिटेक्शन सिस्टम और कई सुरक्षा उपकरण लगाए जा चुके हैं। इनका परीक्षण भी जारी है। यह सिस्टम ट्रेनों के बीच का अंतराल घटाएगा और सेवाओं को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाएगा।

इसके अलावा, ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 10 नए रेक MEDHA कंपनी से मंगाए गए हैं, जिनमें से 8 रेक पहले ही पहुंच चुके हैं और बाकी निरीक्षण और असेंबली के चरण में हैं। साथ ही पुराने रेक्स की मरम्मत और अपग्रेडेशन भी इसी अवधि में किया जाएगा ताकि सेवाएं तकनीकी खराबियों से मुक्त रहें।

क्यों रोकी गई सेवाएं?

अभी तक मोनोरेल सुबह 6:15 बजे से रात 11:30 बजे तक चलती है, जिससे रात में केवल कुछ घंटे का समय इंस्टॉलेशन और टेस्टिंग के लिए बचता था। सुरक्षा कारणों से इस छोटे समय में काम तेजी से पूरा करना मुश्किल था। सेवाएं रोकने से काम लगातार और तेजी से किया जा सकेगा।

डिप्टी सीएम शिंदे ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एमएमआरडीए के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह कदम मुंबई की परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बेहद अहम है। नए रेक, एडवांस सिग्नलिंग और बेड़े के नवीनीकरण से मोनोरेल और अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनेगी। थोड़े समय के लिए सेवाओं को रोकना जरूरी है ताकि काम पूरी गति और अच्छे से हो सके। मुंबईवासियों के सहयोग से हम मोनोरेल को और अधिक मजबूत रूप में वापस लाएंगे।

Updated on:
16 Sept 2025 10:16 pm
Published on:
16 Sept 2025 10:16 pm