
Mumbai Rains: मुंबईवासियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को मुंबई में दस्तक दे दी। इस बार मानसून अपने सामान्य आगमन की तारीख 11 जून से करीब 13 दिन की देरी से पहुंचा। मानसून की पहली जोरदार बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव और यातायात अव्यवस्था की बड़ी समस्या भी खड़ी कर दी। बारिश का पानी भरने की वजह से अंधेरी सबवे और मलाड सबवे को बंद करना पड़ा।
सोमवार रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार तक लगातार जारी रही। भारी बारिश के कारण मुंबई की कई सड़कों, निचले इलाकों और सबवे में पानी भर गया। कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मुंबई की लाइफ-लाइन लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। खासकर सेंट्रल लाइन पर लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुंबई के प्रमुख मौसम केंद्रों पर भारी बारिश दर्ज की गई। कोलाबा में 248 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सांताक्रूज में 225 मिमी वर्षा दर्ज हुई। मानसून की एंट्री के साथ हुई इस तेज बारिश से शहर का मौसम सुहावना हो गया है, सांताक्रूज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 22.4 दर्ज किया गया।
नवी मुंबई में कोपरखैरणे और घनसोली रेलवे स्टेशनों के बीच पटरियों के नीचे मिट्टी के कटाव के कारण ट्रांस-हार्बर रेलवे सेवाएं कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी। इस घटना के चलते मुंबई लोकल की ट्रांस-हार्बर लाइन पर अब तक 24 ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं।
मध्य रेलवे के अनुसार, प्रभावित हिस्से में मरम्मत का काम पूरा होने के बाद रेल यातायात फिर से शुरू कर दिया गया है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर तुर्भे और वाशी के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन के प्रभावित सेक्शन में ट्रेनों की गति सीमित रखी गई है और सावधानी के साथ परिचालन किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए मुंबई में येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने शहर और उपनगरों में अगले 48 घंटे में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश होने की भविष्यवाणी की है। इस दौरान कुछ जगहों पर बिजली कड़कने, भारी बारिश और 30-40 किमी/घंटा ककी रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और आने वाले दिनों में मुंबई समेत कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश देखने को मिलेगी। नागरिकों को आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
मुंबई के विक्रॉली इलाके में सनहाइट्स इमारत के पास लंबी रिटेनिंग वॉल ढह गई। दीवार इमारत से सटी हुई थी और रोड से भी लगी थी। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। बीएमसी की टीम मौके पर मजूद है और मलबा हटाया जा रहा।
आईएमडी ने सुबह 10 बजे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट तीन घंटे के लिए जारी किया गया है।