मुंबई

Mumbai: सायन हॉस्पिटल में डीन की कार से महिला मरीज का एक्सीडेंट, मौत, पुलिस ने लिया कड़ा एक्शन

Sion Hospital Accident : मुंबई के सायन अस्पताल के डीन की कार से हुए हादसे में एक बुजुर्ग महिला मरीज की मौत हो गई है।

2 min read
May 26, 2024

Mumbai Sion Hospital : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में चौंकाने वाली घटना घटी है। लापरवाही से गाड़ी चलाते की वजह से सायन हॉस्पिटल में एक महिला मरीज की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने लोकमान्य तिलक म्युनिसिपल अस्पताल (सायन अस्पताल) के वरिष्ठ नामी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है।

मुंबई के सायन हॉस्पिटल के फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. राजेश डेरे की कार की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे सायन अस्पताल के गेट नंबर सात पर हुआ। आरोप है कि हादसे के 14 घंटे बाद डेरे ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सायन पुलिस ने राजेश डेरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मृत महिला का नाम रुबेदा (उम्र 60 वर्ष) बताया जा रहा है। वह शुक्रवार को सायन अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट रही थी। तभी डॉ. राजेश डेरे की कथित लापरवाही से बुजुर्ग महिला को कार से टक्कर लग गई। बाद में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गयी।

CCTV से मिला सबूत

डॉ. राजेश डेरे पर हादसे की जानकारी छिपाने का आरोप लगा है। पुलिस को महिला के शरीर पर मिले घाव से हादसे की आशंका हुई। इसके बाद अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो डेरे की कार से हुए हादसे का पता चला। इसके बाद सायन पुलिस ने राजेश डेरे के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

मृतक महिला के बेटे शाहनवाज खान की शिकायत के आधार पर सायन पुलिस ने डेरे के खिलाफ आईपीसी की धारा 304-ए, 388, 177, 279, 203 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि डॉ. राजेश डेरे कोरोना महामारी के दौरान बीकेसी कोविड सेंटर के डीन थे, जो हादसे के समय गाड़ी चला रहे थे। घटना की आगे की जांच जारी है।

Updated on:
26 May 2024 12:48 pm
Published on:
26 May 2024 12:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर