मुंबई

मुंबई में 28-29 मार्च को पानी की कटौती, इन इलाकों में नहीं आएगा BMC का पानी

Mumbai Water Cut: मुंबई के बांद्रा, खार और सांताक्रूज इलाके में 28 और 29 मार्च को पानी की कटौती होने वाली है।
2 min read
Mar 24, 2026
March 28-29 water cut in Mumbai
मुंबई में 28 और 29 मार्च को पानी कटौती (Photo: IANS/File)

मुंबई के बांद्रा, खार और सांताक्रूज के कई इलाकों (H-West Ward) में 28 और 29 मार्च को 16 घंटे के लिए पानी की कटौती होगी। बीएमसी द्वारा नई पाइपलाइन बिछाने के काम के चलते कई इलाकों में जल आपूर्ति बाधित रहेगी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने 28 और 29 मार्च को पानी सप्लाई प्रभावित रहने की जानकारी दी है। इस दौरान कई इलाकों में पानी बंद रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर कम दबाव से पानी आएगा।

बीएमसी के अनुसार, बांद्रा पश्चिम में रामदास नाइक मार्ग, स्वामी विवेकानंद मार्ग और आर.के. पाटकर मार्ग जंक्शन के बीच 750 मिमी व्यास की नई पानी की पाइपलाइन को चालू करने का काम किया जाएगा। यह काम 28 मार्च रात 11 बजे से 29 मार्च शाम 5 बजे तक (करीब 16 घंटे) चलेगा। इसी वजह से पानी सप्लाई पर असर पड़ेगा।

इन इलाकों में रहेगा जल संकट

बीएमसी के मुताबिक, शनिवार 28 मार्च को खार पश्चिम के कुछ हिस्सों, डॉ. अंबेडकर मार्ग के निकटवर्ती क्षेत्रों, पाली गांव और पाली पठार सहित बांद्रा पश्चिम के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।

इसके बाद रविवार 29 मार्च को बांद्रा पश्चिम के बाजार मार्ग, जैन मंदिर मार्ग, डी मोंटे रोड, हिल रोड, पेरी रोड, मैनुअल गोंसाल्विस रोड, सेंट एंड्रयूज रोड, सेंट पॉल रोड, डोमिनिक रोड, आर.के. पाटकर रोड, नई और पुरानी कांटवाड़ी, रणवार गांव, वरोड़ा मार्ग, कार्टर रोड, पालीमाला मार्ग, चिंबई गांव, शर्ली गांव, राजगांव, मलागांव और पालीगांव जैसे क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रहेगी। साथ ही खारडांडा कोलीवाड़ा, डंडपाड़ा, चुइम गावठन और गजदरबंद स्लम के कुछ हिस्सों में भी पानी की समस्या रहेगी।

इन इलाकों में दो दिनों तक पानी सप्लाई बंद रहेगी या कम दबाव से पानी आएगा।

BMC की एडवाइजरी- पहले से करें तैयारी

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पर्याप्त पानी स्टोर कर लें और पानी का उपयोग सावधानी से करें। काम पूरा होने के बाद जब आपूर्ति बहाल होगी, जिसके बाद अगले चार से पांच दिनों तक पानी को उबालकर और छानकर पीने की सलाह दी गई है।

Updated on:
24 Mar 2026 10:08 am
Published on:
24 Mar 2026 10:07 am