मुंबई

नागपुर में मिला विस्फोटकों का जखीरा: 200 मीटर पर जामा मस्जिद, 2 किमी दूर RSS मुख्यालय! मचा हड़कंप

Nagpur Explosives Found Near RSS HQ: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब सीए रोड स्थित एक संवेदनशील इलाके में भारी मात्रा में जिंदा विस्फोटक बरामद किए गए।

2 min read
Apr 07, 2026
नागपुर में 15 जिलेटिन की छड़ें और 58 डेटोनेटर मिलने से हड़कंप (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले सीए रोड (CA Road) इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया। यह घटना गणेशपेठ पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले दोसर भवन चौक की है, जो मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल बगल में स्थित है। एक लावारिस बैग में ये विस्फोटक मिले है। सूचना मिलने ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तुरंत मौके पर पहुंचा।

मिली जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय निवासी को अपने घर के करीब एक संदिग्ध बैग दिखाई दिया। बैग खोलकर देखने पर उसमें जिलेटिन की छड़ें दिखीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने जब बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 15 जिलेटिन की छड़ें, 58 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद हुए।

ये भी पढ़ें

‘तुम खूबसूरत हो, बेटी को भेजो’: हवालात में महिला से संबंध बनाने की मांग, पुलिस अधिकारी सस्पेंड

पुलिस टीम ने पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान चलाया और सभी विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया।

RSS मुख्यालय और जामा मस्जिद है पास

जिस स्थान पर यह विस्फोटक सामग्री मिली है, वह सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। घटनास्थल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर जामा मस्जिद और 500 मीटर की दूरी पर ऐतिहासिक पोद्दारेश्वर राम मंदिर स्थित है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय भी यहां से महज डेढ़ से दो किमी की दूरी पर है।

इतने महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है, जिसकी गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री से जुड़े हैं तार?

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। संदेह जताया जा रहा है कि इन विस्फोटकों का संबंध नागपुर जिले के काटोल इलाके में स्थित एसबीएल (SBL) कंपनी में हुए पिछले विस्फोट से हो सकता है। पुलिस का अनुमान है कि कंपनी की उस घटना से जुड़ी विस्फोटक सामग्री को किसी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से यहां फेंक दिया होगा। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जांच

पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने मीडिया को बताया कि बरामद की गई सभी विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है और इलाके को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस अब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बैग को वहां किसने और किस इरादे से रखा था।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि उन्हें अपने आसपास कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Updated on:
07 Apr 2026 04:59 pm
Published on:
07 Apr 2026 04:51 pm
Also Read
View All