
Nashik Food Safety: महाराष्ट्र के नासिक में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने होटल और कैफे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन सामने आया। इसके बाद FDA ने चार होटलों के खाद्य सुरक्षा लाइसेंस और एक कैफे का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित कर दिया।
नासिक अपनी मशहूर मिसल के लिए देशभर में जाना जाता है। यहां आने वाले लोग नासिक मिसल का स्वाद जरूर चखना पसंद करते हैं। हालांकि, FDA की कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उन्हें तैयार करने के दौरान बरती जा रही स्वच्छता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
FDA की टीम ने 19 नवंबर को नासिक शहर के अलग-अलग होटल और कैफे का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे, सह आयुक्त मंगेश माने और सहायक आयुक्त (खाद्य) विनोद धवड व ज्ञानेश्वर महाले के मार्गदर्शन में की गई। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में Food Safety and Standards Rules, 2011 के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद 20 नवंबर को संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कॉलेज रोड स्थित होटल तुषार मिसल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित किया गया। जांच के दौरान यहां अस्वच्छ स्थिति, खाद्य पदार्थों को रखने के लिए पर्याप्त जगह का अभाव और मियाद खत्म हो चुके खाद्य पदार्थ पाए गए। मिसल जैसे लोकप्रिय खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठान में एक्सपायर्ड सामग्री और गंदगी मिलने से ग्राहकों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
पुराना गंगापुर नाका स्थित होटल विहार में भी साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। यहां खाना तैयार करने वाली जगह पर कीड़े और अन्य उपद्रवी जीवों का प्रकोप पाया गया। सातपुर MIDC स्थित होटल श्यामसुंदर में कच्चे खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ तरीके से रखने के साथ रसोई की संरचना और निर्माण से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया।
पंचवटी के आडगांव फाटा इलाके में स्थित होटल महाराजा काठियावाड़ी में भी कई गंभीर कमियां सामने आईं। जांच के दौरान स्टोर रूम में चूहे की बीट, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और धूल व कीड़ों को रोकने के लिए जरूरी व्यवस्था का अभाव पाया गया। इन खामियों के चलते होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
कृषीनगर, कॉलेज रोड स्थित दुर्गा कैफे का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित किया गया है। यहां भी अस्वच्छता के अलावा ग्राहकों को दिए जाने वाले बिलों पर FSSAI नंबर नहीं होने की बात सामने आई। इसके अलावा मेन्यू कार्ड और डिस्प्ले पर खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले माध्यम का उल्लेख भी नहीं किया गया था।
FDA की इस कार्रवाई को अन्न सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्विनी पाटील, ऋतुजा नवले, प्रतीक भड, किशोर चांदगुड़े और संकेत येलमामे शामिल थे।