मुंबई

अब ‘ऑपरेशन घड़ी’ की बारी! शरद गुट के 5 सांसदों के टूटने का दावा, पवार के करीबी ने दिया चैलेंज

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच आए वरिष्ठ नेता के बयान ने राजनीतिक हलकों में नई हलचल पैदा कर दी है। धर्मराव बाबा आत्राम ने बाकायदा तारीख का ऐलान करते हुए दावा किया कि एनसीपी शरद गुट के पांच सांसद आगामी 12 दिसंबर तक उनके पार्टी में शामिल हो जाएंगे।

2 min read
Jun 19, 2026
Sharad Pawar NCP MP Split news
उद्धव ठाकरे के बाद शरद पवार को झटका? अजित पवार गुट का बड़ा दावा (Photo: IANS)

Sharad Pawar NCP MP Split Claim: महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों की बगावत के बाद अब शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी एसपी) को लेकर भी बड़ा दावा सामने आया है। अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता धर्माराव बाबा आत्राम ने दावा किया है कि शरद गुट के पांच सांसद पाला बदलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इतना ही नहीं पूर्व मंत्री ने उनके संभावित पार्टी प्रवेश की तारीख भी बता दी। हालांकि, एनसीपी (एसपी) ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है।

'पार्टी लगातार मजबूत हो रही है'

सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के पूर्व मंत्री और अहेरी विधानसभा से विधायक धर्मराव बाबा आत्राम ने कहा कि हमारी एनसीपी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले कई पूर्व सांसद और विधायक पार्टी में शामिल हुए और अब मौजूदा सांसद तथा विधायक भी पार्टी का रुख कर सकते हैं। वें एनसीपी (सुनेत्रा पवार) में आने के इच्छुक हैं।

बाबा आत्राम ने कहा, "हमारी पार्टी की ताकत लगातार बढ़ रही है। जो लोग विकास की राजनीति करना चाहते हैं, वे हमारे साथ आना चाहते हैं। पार्टी को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।"

'हम नहीं तुतारी वाले खुद करेंगे ऑपरेशन'

शिवसेना (शिंदे गुट) के ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबा आत्राम ने कहा कि उनकी पार्टी किसी तरह का ऑपरेशन नहीं चला रही है। उन्होंने कहा, "हम कोई ऑपरेशन नहीं करेंगे। ऑपरेशन तो तुतारी वाले खुद करेंगे। शरद पवार गुट के पांच सांसद हमारे साथ आ सकते हैं। आगे चुनाव जीतना है तो विकास के साथ जुड़ना जरूरी है।" बता दें कि ‘तुतारी’ एनसीपी शरद गुट का चुनावी चिन्ह है।  

उन्होंने दावा किया कि दिवंगत अजित पवार की पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है, जिसका असर राजनीतिक समीकरणों पर भी दिखाई दे रहा है।

'कई सांसद संपर्क में'

उन्होंने कहा कि भविष्य में क्या होगा, यह समय बताएगा, लेकिन कुछ सांसद उनकी पार्टी में आने की इच्छा जता चुके हैं। आत्राम ने कहा, "वरिष्ठ स्तर पर कुछ चर्चाएं चल रही हैं। कुछ सांसद हमारे संपर्क में हैं और भविष्य में राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है।"

12 दिसंबर तक शामिल होने का दावा

धर्माराव बाबा आत्राम ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि शरद पवार गुट के पांच सांसद 12 दिसंबर तक उनकी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने किसी भी सांसद का नाम सार्वजनिक नहीं किया। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में अटकलों का दौर तेज हो गया है।

शरद पवार गुट का पलटवार

एनसीपी नेता धर्माराव बाबा आत्राम के दावे पर शरद पवार गुट ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने इसे पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया। देशमुख ने कहा, "डुप्लिकेट एनसीपी के नेता बाबा आत्राम यह दावा कर रहे हैं कि शरद पवार की पार्टी के सांसद टूटेंगे, लेकिन उनके पास इसका कोई आधार नहीं है।"

शरद पवार के करीबी अनिल देशमुख ने तंज कसते हुए कहा, "बाबा आत्राम की अपनी बेटी शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस में है। पहले वे अपनी बेटी को 'तुतारी' से बाहर निकालकर दिखाएं, फिर सांसदों और विधायकों को तोड़ने की बात करें।"

महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ी सरगर्मी

शिवसेना (यूबीटी) में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और अब एनसीपी (शरद पवार गुट) को लेकर सामने आए दावों ने महाराष्ट्र की राजनीति को और गरमा दिया है। हालांकि, आत्राम के दावों में कितनी सच्चाई है, यह तो आने वाले समय में ही पता चलेगा। लेकिन उनके बयानों ने विपक्षी खेमे महाविकास आघाड़ी (MVA) के भीतर हलचल जरुर बढ़ा दी है।

Updated on:
19 Jun 2026 04:55 pm
Published on:
19 Jun 2026 04:52 pm