
NCP Merger: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं के बीच विधायकों के टूटने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के कम से कम 20 विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं। उनके इस बयान पर एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने पलटवार किया है। उन्होंने राउत के दावे को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी एकजुट है और सभी 41 विधायक सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। कोई भी विधायक पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जाएगा।
संजय राउत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा सांसद सुनील तटकरे ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद से संजय राउत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। वह कुछ भी बोलते रहते हैं और काल्पनिक कहानियां गढ़कर सुबह-सुबह राजनीतिक नैरेटिव बनाने का काम करते हैं।
तटकरे ने कहा, ''संजय राउत वरिष्ठ पत्रकार हैं और उनके साथ मेरे अच्छे संबंध हैं। लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद से उनका मानसिक संतुलन सही नहीं है। काल्पनिक कहानियां बनाना और सुबह-सुबह नया नैरेटिव फैलाना ही उनका काम रह गया है।''
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट है। पार्टी के सभी 41 विधायक सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। विधायकों के पार्टी छोड़ने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
दरअसल, महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच बुधवार दोपहर में सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास वर्षा में मुलाकात की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिवाली के अवसर पर हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार और सद्भावना भेंट बताया गया। लेकिन दोनों NCP गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस बैठक को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात से एक दिन पहले सुनील तटकरे ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा की थी। लगातार हो रही इन बैठकों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि दोनों गुट स्वतंत्र राजनीतिक दल हैं और उन्हें अपने राजनीतिक फैसले लेने का अधिकार है। हालांकि, फडणवीस ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि दोनों गुट विलय का फैसला लेते हैं तो उन्हें एनडीए के प्रमुख सहयोगी के तौर पर भाजपा को विश्वास में लेना होगा। उन्होंने कहा था कि इस मुद्दे पर अभी तक उनकी ओर से कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है।
दोनों एनसीपी गुटों के एकजुट होने की चर्चाओं को उस समय और बल मिला, जब एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में विलय की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई।
इस बीच सुनील तटकरे ने भी हाल ही में दावा किया था कि यदि अजित पवार जीवित होते तो एनसीपी का विलय इसी साल फरवरी में हो गया होता। उन्होंने कहा था कि विलय को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी थी और इसकी रूपरेखा भी तैयार कर ली गई थी। फिलहाल महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।