मुंबई

New Train: मुंबई से नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की घोषणा, इस रूट के यात्रियों को होगा फायदा

New Superfast Train: मुंबई से नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की जानकारी खुद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है।

2 min read
Oct 24, 2025
Mumbai jaipur nonstop superfast special train
नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू (Photo: IANS)

मुंबई और बेंगलुरु के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की आधिकारिक घोषणा हो गई है। खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुष्टि की है कि यह ट्रेन दावणगेरे, हुबली और बेलगावी रूट से चलेगी। इसकी जानकारी खुद रेल मंत्री ने धारवाड़ के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को लिखे गए पत्र में दी है। इस ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

फिलहाल बेंगलुरु और मुंबई के बीच केवल एक नियमित ट्रेन उद्यान एक्सप्रेस (Udyan Express) चलती है जो गुंतकल (Guntakal) और कलबुर्गी (Kalaburagi) के रास्ते जाती है। यह ट्रेन 1,136 किलोमीटर की दूरी तय करती है और लगभग 23 घंटे 35 मिनट में बेंगलुरु से मुंबई पहुंचती है। इसकी वापसी यात्रा में करीब 21 घंटे 50 मिनट लगते हैं। हालांकि उद्यान एक्सप्रेस हमेशा फुल रहती है और यात्रियों को कन्फर्म सीट पाने के लिए टिकट काफी पहले बुक करनी पड़ती है।

रेलवे से मिली हरी झंडी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमारे हुबली-धारवाड़ मार्ग से चलने वाली बेंगलुरु-मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक धन्यवाद। यह हमारी लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसके लिए मैंने केंद्रीय रेल मंत्री से अनुरोध किया था। यह सुपरफास्ट ट्रेन कर्नाटक के मध्य भाग से वाणिज्यिक नगरी मुंबई तक चलेगी। इस रेल सेवा से लाखों लोगों को सुविधा मिलेगी और व्यापार में और वृद्धि होगी।“

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई से बेंगलुरु के बीच प्रस्तावित नई सुपरफास्ट ट्रेन सिर्फ 18 घंटे या उससे कम समय में बेंगलुरु से मुंबई पहुंचेगी। इसका स्टॉपेज भी कम होगा। बेंगलुरु से यह ट्रेन सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) से शुरू हो सकती है, जबकि मुंबई में इसका प्रारंभ और समापन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर होने की संभावना है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। ट्रेन का प्रारंभिक स्टेशन अभी तय नहीं है। लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे नियमित ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाने पर काम कर रहा है।

Published on:
24 Oct 2025 12:55 am