
Nitin Gadkari Statement: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी उनका यही अंदाज देखने को मिला। जल संरक्षण और सूखे से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए गडकरी ने अपने रिटायरमेंट को लेकर ऐसी बात कह दी कि वहां मौजूद पत्रकार हंस पड़े। दरअसल, नागपुर में 27 से 30 नवंबर तक 'एग्रोविजन' राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी का आयोजन होने जा रहा है। इसी को लेकर शनिवार को एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई थी। कार्यक्रम की जानकारी देने के बाद गडकरी पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
जल संरक्षण के काम को लेकर गडकरी ने कहा कि इस क्षेत्र में काम करते हुए 26 साल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कामों को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को भी जिम्मेदारी देनी जरूरी है। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब अगर मैं कहूं कि युवाओं को आगे लाया जाना चाहिए, तो आप फर्जी खबर छापेंगे कि गडकरी रिटायर हो जाएंगे। गडकरी की इस बात पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पत्रकारों के बीच हंसी का माहौल बन गया। उनके बयान से साफ था कि वह अपने रिटायरमेंट की बात को लेकर मजाक कर रहे थे और फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं दिया कि वह राजनीति से संन्यास लेने जा रहे हैं।
इस बार एग्रोविजन प्रदर्शनी का मुख्य फोकस कम पानी में खेती और जल संरक्षण पर रखा गया है। गडकरी ने बताया कि किसानों के लिए करीब 30 कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में संतरे के बागों की देखभाल, पशुपालन, चारे की व्यवस्था, पानी के बेहतर इस्तेमाल और सूखे की स्थिति में फसल की योजना जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा AI की मदद से कम पानी में बागवानी, गन्ना और कपास की खेती के तरीकों पर भी किसानों को जानकारी दी जाएगी। किसानों की अतिरिक्त आमदनी बढ़ाने के लिए छोटे उद्योग, सहायक व्यवसाय और स्टार्टअप से जुड़ी कार्यशालाएं भी होंगी। PMFME योजना के लिए अलग हॉल बनाया जाएगा।
गडकरी के मुताबिक इस राष्ट्रीय कृषि प्रदर्शनी में करीब 450 कंपनियां और कृषि संगठन हिस्सा लेंगे। पहली बार महाराष्ट्र सरकार की जल संरक्षण योजनाओं को भी प्रदर्शनी में जगह दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्धा रोड पर 'रेडिसन ब्लू' के पास एग्रोविजन के नए कार्यालय का निर्माण अंतिम चरण में है। इसका उद्घाटन 26 जनवरी से पहले किए जाने की योजना है। इसके अलावा एग्रोविजन का अपना चैनल शुरू करने की भी जानकारी दी गई। इस दौरान पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले समेत कई विधायक और अन्य नेता मौजूद रहे।