मुंबई

‘तुम्हारे मामा की कोई बेटी है क्या?’ 8 साल के बच्चे ने शिवसेना सांसद को किया फोन, सड़क की मांग पर मजेदार बातचीत वायरल

Omraje Nimbalkar: महाराष्ट्र के धाराशिव में 8 साल के सुमंत पालकर ने सड़क की खराब हालत को लेकर सांसद ओमराजे निंबालकर को फोन किया। बातचीत के दौरान सांसद ने बच्चे की मजेदार अंदाज में फिरकी ली और अंत में सड़क की समस्या दूर करने का भरोसा दिया।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 12:39 PM IST
Omraje Nimbalkar
8 साल के बच्चे ने शिवसेना सांसद को किया फोन

Omraje Nimbalkar Viral Call: धाराशिव लोकसभा क्षेत्र के शिवसेना सांसद ओमराजे निंबालकर की छवि लोगों के बीच रहने और जनता के लिए आसानी से उपलब्ध रहने के रुप में है। दरअसल, उनके और क्षेत्र के लोगों के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती है। अब ऐसा ही एक कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हो रहा है, जिसमें महज 8 साल का एक बच्चा सांसद से सड़क की मरम्मत कराने की मांग करता सुनाई दे रहा है। खास बात यह है कि सांसद ओमराजे ने भी बच्चे की बात का अपनी खास अंदाज में जवाब दिया और उसकी मजेदार तरीके से फिरकी ली।

8 साल के सुमंत ने सीधे सांसद को किया फोन

जानकारी के मुताबिक, कलंब तालुका के सौंदना आंबा गांव के 8 साल के सुमंत पालकर ने सांसद ओमराजे निंबालकर को फोन किया। सुमंत ने सड़क की खराब हालत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उसके मामा की गाड़ी सड़क पर घिस गई है। इसी वजह से उसने सांसद से सड़क ठीक कराने की मांग की। बताया जा रहा है कि दिवाली के दौरान सुमंत के मामा उसे लेने के लिए आए थे। इसी दौरान खराब सड़क की वजह से उनकी गाड़ी घिस गई। इससे नाराज सुमंत ने आजोबा के घर से ही सीधे सांसद को फोन कर सड़क की मरम्मत की मांग कर डाली।

‘मैं चेयरमैन बोल रहा हूं…’

सुमंत के पिता की नेचुरल नाम से दूध डेयरी है। इसी वजह से इलाके के बच्चे उसे मजाक में ‘चेयरमैन’ कहकर बुलाते हैं। फोन पर भी सुमंत ने बड़े आत्मविश्वास से कहा कि ‘मैं चेयरमैन बोल रहा हूं।’ इसके बाद उसने सांसद से कहा कि आपके पास पैसे हैं, उन्हीं पैसों से सड़क ठीक करा दीजिए। बच्चे की बात सुनकर ओमराजे निंबालकर ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पैसे सरकार के होते हैं, उनके पास अपने पैसे नहीं हैं।

सांसद ने पूछा- ‘तुम्हारे मामा की कोई बेटी है क्या?’

इसके बाद ओमराजे ने सुमंत की मजेदार तरीके से फिरकी लेते हुए पूछा, ‘तुम्हारे मामा की कोई बेटी है क्या?’ इस पर सुमंत ने साफ जवाब दिया कि उसके मामा की कोई बेटी नहीं है। सांसद और बच्चे के बीच हुई यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

अंत में सांसद ने दिया सड़क ठीक कराने का भरोसा

मजाकिया बातचीत के बीच ओमराजे निंबालकर ने आखिर में बच्चे को भरोसा दिया कि उसके गांव की सड़क का सवाल जरूर हल किया जाएगा। 8 साल के सुमंत का सीधे सांसद को फोन कर सड़क की समस्या उठाना और सांसद का उसके साथ सहज अंदाज में बातचीत करना अब महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Updated on:
11 Nov 2026, 12:39 PM IST
Published on: