Pune News : शुरुआती जांच में पता चला है कि कार के आगे चल रहे सेना के ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया था, जिसके कारण हादसा हुआ।
Pune-Mumbai Expressway Accident : पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेना के ट्रक (Army Truck) की कार से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 36 वर्षीय कार सवार शख्स की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने आर्मी ट्रक के ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही के कारण मौत होने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना 27 अक्टूबर की रात करीब 7.30 बजे पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गहुंजे के पास हुई। पुलिस ने मृतक की पहचान प्रसाद नंदकिशोर कोलटे (36) के तौर पर की है। इस हादसे में नंदकिशोर की मां सुरेखा (69) और चचेरे भाई प्रशांत राणे (46) घायल बताये जा रहे है।
शिरगांव पारंदवाड़ी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला कि कार के आगे पुणे के एक रक्षा प्रतिष्ठान का आर्मी ट्रक चल रहा था। तभी आर्मी ट्रक ने चालक ने अचानक ब्रेक मारा, जिस वजह से तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे के समय कार में बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग सवार थे।
हादसे में आईटी पेशेवर नंदकिशोर कोलटे को गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में उनकी मां सुरेखा और उनके चचेरे भाई डॉक्टर प्रशांत घायल हो गए। डॉक्टर राणे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेना के ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में आर्मी ट्रक को अचानक एक्सप्रेसवे पर रोका गया। अभी तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी की कोई खबर नहीं है।