Mumbai News : पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अभिमन्यु गुप्ता (35) के तौर पर हुई है। वह पीड़ित माहिला को पहले से जानता था।
Bhiwandi Murder: मुंबई के पास भिवंडी शहर में एक बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन जुए के आदी (Online Gambling Addiction) एक शख्स ने 74 वर्षीय महिला की हत्या की थी। जांच में पता चला कि आरोपी ने हत्या करने के बाद महिला के सोने के आभूषण चुरा लिए और फिर सबूत नष्ट करने के मकसद से घर में आग लगा दी।
भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि यह घटना 14 अगस्त को जटेवाड़ा (Zatewada) में हुई थी। महिला की हत्या के आरोपी को ठाणे जिले के भिवंडी से गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय अदालत ने आरोपी को 28 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अभिमन्यु गुप्ता (35) के तौर पर हुई है। उसने 74 साल की सेवामेरी ऑगस्टिन नादर (Sevamary Augustin Nadar) पर तब हमला किया जब वह घर पर अकेली थीं।
कथित तौर पर अभिमन्यु ने बुजुर्ग का गला धारधार हथियार से काट दिया था और सोने के गहने लेकर भाग गया। बाद में उसने सबूत नष्ट करने के लिए घर में आग लगा दी।
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि अभिमन्यु गुप्ता ठाणे के ही एक लॉज में छिपा है। जहां से उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ हत्या और अन्य अपराधों के लिए केस दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि जांच से पता चला है कि गुप्ता ऑनलाइन जुए का आदी था। वह दो लाख रुपये से ज्यादा की रकम हार चुका था। पैसे का इंतजाम करने के लिए उसने पीड़ित के घर पर चोरी की योजना बनाई। अधिकारी ने कहा कि अभिमन्यु पहले मृतक महिला के बेटे के डेयरी में काम करता था। इसलिए उसे नादर परिवार के बारे में पूरी जानकारी थी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।