मुंबई

PM मोदी ने महाराष्ट्र में की इस चुनाव की आखिरी जनसभा, बोले- एक बार फिर सेवा का मौका दें

PM Modi's Rally At Shivaji Park : पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस और महाविकास आघाडी को हरियाणा से भी कड़ा जवाब मिलेगा।

3 min read
Nov 14, 2024

PM Modi in Mumbai : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में गुरुवार को 3 चुनावी रैलियां की। मुंबई के शिवाजी पार्क में पीएम मोदी ने इस चुनाव की आखिरी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी (MVA) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य की जनता से अपील कि की उन्हें एक बार फिर महाराष्ट्र की सेवा का मौका दें. इसके लिए महायुति के पक्ष में वोट करें और भारी बहुमत से विजयी बनाएं।

मुंबई के शिवाजी पार्क में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज महाराष्ट्र में इस चुनाव की ये मेरी आखिरी जनसभा है। मैंने इस दौरान पूरे महाराष्ट्र का दौरा किया है। पूरे महाराष्ट्र का आशीर्वाद आज महायुति के साथ है। आज हर ओर एक ही आवाज है- भाजप - महायुती आहे, तर गती आहे। महाराष्ट्राची प्रगती आहे।"

विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज महाराष्ट्र में एक तरफ महायुति की विचारधारा है, जो यहां की विरासत पर गर्व करती है। दूसरी तरफ एक सोच महाविकास आघाडी (MVA) की भी है, जो महाराष्ट्र के गौरव को लगातार अपमानित कर रही है। एमवीए के लोग तुष्टिकरण के गुलाम हो चुके हैं। ये वो आघाडी हैं, जो राम मंदिर का विरोध करते हैं। ये वो आघाडी हैं, जो वोट पाने के लिए भगवा आतंकवाद का शब्द गढ़ते हैं। ये वो आघाडी हैं, जो आए दिन वीर सावरकर का अपमान करते हैं। ये वो आघाडी हैं, जो कश्मीर में धारा 370 की वापसी के लिए प्रस्ताव पारित करते हैं। भारत की हर उपलब्धि पर आघाडी वाले सवाल उठाते हैं। इसलिए महाविकास आघाडी वालों की राजनीति से और उनके इरादों से सावधान रहना है।"

उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "अघाडी में एक ऐसा दल है, जिसने बाला साहब का अपमान करने वाली कांग्रेस के हाथ में अपना रिमोट कंट्रोल दे दिया है। इसलिए ही मैंने इन्हें चुनौती दी थी... कि कांग्रेस से बाला साहब ठाकरे की प्रशंसा करवा करके दिखाएं... आज तक ये लोग, कांग्रेस से और कांग्रेस के शहजादे से बाला साहब की प्रशंसा नहीं करवा पाए हैं।"

PM मोदी बोले- मुंबई के खिलाफ कुछ किया तो खैर नहीं

पीएम मोदी ने कहा, "मुंबई सपनों का शहर है, तो महायुति सपनों को पूरा करने वाला गठबंधन है। आज हर मुंबईकर देख सकता है कि हम कितने बड़े स्केल पर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी सरकार, मुंबई को कनेक्टिविटी की हर परेशानी से मुक्ति दिलाना चाहती है। कांग्रेस का मिजाज मुंबई से ठीक उलटा है। मुंबई का मिजाज यानी ईमानदारी और कड़ी मेहनत। मुंबई का मिजाज यानी आगे बढ़ने की ललक। लेकिन कांग्रेस का मिजाज है, भ्रष्टाचार। कांग्रेस का मिजाज है, देश को पीछे धकेलना। कांग्रेस का मिजाज है, विकास में अड़ंगा डालना। कांग्रेस और अघाडी केवल और केवल तोड़ने की बात करते हैं। मुंबई में हर जाति-समुदाय के लोग आते हैं, एक साथ रहते हैं। लेकिन, वें जाति के नाम पर लोगों को लड़वाने में लगे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मुंबई शहर ने लंबे समय तक आतंकवाद की पीड़ा झेली है। आतंकवाद से मिले जख्मों को यहां के लोग अब भी भूले नहीं हैं। लेकिन बीते वर्षों में लोगों के मन में सुरक्षा का भाव आया है। क्योंकि तब सरकार और थी, आज मोदी है। आपको सोचना है कि क्यों कांग्रेस सरकार के समय मुंबई समेत देशभर में आतंकी घटनाएं होती रहती थी। हर जगह आपको लावारिस वस्तुओं का डर दिखाया जाता था। लेकिन अब ये सब बंद हो गया है। क्योंकि आज देश में मोदी की सरकार है और आतंक के आकाओं को पता है कि भारत के खिलाफ, मुंबई के खिलाफ कुछ किया तो मोदी उन्हें पाताल में भी नहीं छोड़ेगा।"

'जनता देगी करारा जवाब'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैंने इस बार झारखंड के चुनाव भी देखा है और महाराष्ट्र का चुनाव भी देखा है। और मैं कुछ दिन पहले हरियाणा के चुनाव को भी देख रहा था। हरियाणा ने एक प्रकार से कांग्रेस की सारी योजनाओं को चकनाचूर कर दिया, उनके सारे सपनो को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने जितने मुद्दे उठाए, हर मुद्दे को हरियाणा के लोगों ने करारा जवाब दिया। मैं कह सकता हूं कि झारखंड और महाराष्ट्र में हरियाणा से भी कड़ा जवाब कांग्रेस और महाविकास आघाडी को मिलने वाला है।“

एक बार फिर आशीर्वाद का मौका दें- पीएम

पीएम मोदी ने कहा, “...फिर से एक बार मुझे महाराष्ट्र की सेवा करने का मौका दीजिये। मुझे आपके सपनों के लिए जी जान से जुटने का अवसर दीजिये... इसलिए मुझे महायुति का साथ चाहिए.. आपके सपने पूरे करने के लिए महाराष्ट्र में महायुति की सरकार चाहिए.. ताकि मैं बिना कोई रोक-टोक आपकी सेवा करता सकूँ.. इसलिए मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूँ .. महायुति के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूँ।”

Also Read
View All

अगली खबर