PM Modi on Congress : पीएम मोदी ने मुंबई की रैली में कहा, कांग्रेस के माओवादी मैनिफेस्टो में जितनी घोषणाएं हैं, अगर उनका हिसाब लगाएं तो देश दिवालिया हो जाएगा।
PM Modi in Mumbai : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (17 मई) मुंबई के शिवाजी पार्क में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा और कांग्रेस के मेनिफेस्टो को देश को दिवालिया करने वाला बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नजर हमारे देश के मंदिरों के सोने पर है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “मुंबई ऐसा शहर है जो सिर्फ सपने नहीं देखता, बल्कि उन सपने को जीता है। कुछ कर गुरने का संकल्प लेकर चलने वालों को मुंबई ने कभी निराश नहीं किया है। इस ड्रीम सिटी में, मैं 2047 के ड्रीम को लेकर आया हूं। एक सपना है देश का, एक संकल्प है देश का... हम सबने मिलकर विकसित भारत बनाना है।
आज दुनिया का आधुनिकतम इंफ्रास्ट्रक्चर मुंबई को मिल रहा है। आज यहां अटल सेतु है, मुंबई मेट्रो का विस्तार हो रहा है, मुंबई लोकल का आधुनिकीकरण हो रहा है, नवी मुंबई में एयरपोर्ट बन रहा है, वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और वो दिन दूर नहीं, जब देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई को मिलेगी..."
पीएम मोदी ने कहा, “जबसे आपने इस सेवक को काम दिया, तो 10 साल में आज देश 11वें नंबर से दुनिया की 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बनकर खड़ा है। आज भारत में, मुंबई में रिकॉर्ड इनवेस्टमेंट आ रहा है और मेरी गारंटी है कि कुछ ही सालों में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बन जाएंगे। मैं गारंटी देता हूं कि मैं आपको विकसित भारत देकर जाने वाला हूं... इसलिए मोदी 24x7 for 2047 के मंत्र के साथ... हर पल आपके नाम, हर पल देश के नाम... जी जान से जुटा है।“
शहरी मीडिल क्लास हो या फिर शहरी गरीब... ईज ऑफ लिविंग... ये मोदी की प्राथमिकता है। जो झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं उनको भी आज पक्के घर का भरोसा मिला है। सबके घर का सपना पूरा हो, इसके लिए मोदी सरकार हजारों करोड़ की मदद दे रही है।
उन्होंने आगे कहा, मोदी संविधान का रक्षक है... मोदी की गारंटी है, दलितों, पिछड़ों का आरक्षण नहीं छिनेगा।
शिवाजी पार्क में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "एक तरफ मोदी के पास 10 साल का रिपोर्ट कार्ड है और 25 साल का रोडमैप भी है। दूसरी तरफ इंडी गठबंधन वालों के पास क्या है- जितने लोग उतनी बातें। जितने दल उतनी घोषणाएं और जितने दल उतने प्रधानमंत्री..." कांग्रेस के माओवादी मैनिफेस्टो में जितनी घोषणाएं हैं, अगर उनका हिसाब लगाएं तो देश दिवालिया हो जाएगा। इनकी नज़र हमारे मंदिरों के सोने पर हैं, इनकी नजर महिलाओं के मंगल सूत्र पर है। इन लोगों ने 50% छिनने का आइडिया बनाया है। यानी आप अपने बच्चों को अपनी विरासत नहीं दे पाएंगे, आप ने कितनी मेहनत करके कितना ही कमाया हो, आधा सरकार छीन लेना चाहती है। आपको बच्चों को नहीं देने देगी... वो वह अपने वोट बैंक को देंगे...”