मुंबई

मुंबई में रफ्तार का कहर: BMW से रेस के चक्कर में डिवाइडर से टकराई लक्जरी कार, हुई चकनाचूर

Porsche Car Accident : मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बीती रात एक भीषण हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार पोर्शे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

2 min read
Oct 09, 2025
पोर्शे कार हुई चकनाचूर (Photo: Patrika)

मुंबई में दो कार चालकों की रफ्तार की दीवानगी ने एक बार फिर हादसे को जन्म दिया है। देर रात पश्चिम द्रुतगती महामार्ग (Western Express Highway) पर दो लग्जरी कारें पोर्शे और बीएमडब्ल्यू एक-दूसरे से रेस लगा रही थीं, तभी अचानक पोर्शे का चालक नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोर्शे कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में पोर्शे चालक घायल हुआ है, जबकि बीएमडब्ल्यू कार के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार, चालक ने तेज गति के कारण गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। डिवाइडर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोर्शे कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गाड़ियां काफी तेज रफ्तार में थीं और कई किलोमीटर तक एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रही थीं। सामने आये वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त पोर्शे कार के टुकड़े सड़क पर बिखरे हुए नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें

अमिताभ बच्चन की फिल्म के कलाकार की बेरहमी से हत्या, दोस्त ने ही उतारा मौत के घाट

पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार बहुत तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि पोर्शे चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने चालक का बयान दर्ज किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

समुद्र में गिरी तेज रफ्तार कार

यह इस हफ्ते मुंबई में हुआ दूसरा बड़ा कार हादसा है, जिसने फिर से शहर की सड़कों पर रफ्तार के जुनून को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले मुंबई के वर्ली क्षेत्र में कोस्टल रोड पर एक भीषण हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और करीब 30 फीट नीचे समुद्र में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और कार चला रहे युवक को डूबने से बचा लिया। बाद में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार आधी रात के आसपास हुई। कार महालक्ष्मी से वर्ली की ओर जा रही थी। कार चला रहे 28 वर्षीय फ्रशोगोर बट्टीवाला को महाराष्ट्र सुरक्षा बल (एमएसएफ) के जवानों ने सुरक्षित बचा लिया।

Updated on:
09 Oct 2025 10:38 am
Published on:
09 Oct 2025 10:33 am
Also Read
View All

अगली खबर