
(मुंबई): महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल का विस्तार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए मुश्किल हो रहा है। सूत्रों की माने तो पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे मंत्रिमंडल विस्तार के मार्ग में रोड़ा बने हुए हैं। फडणवीस मंत्रिमंडल में पुनः खडसे को लेना नहीं चाहते है लेकिन उनके बिना मंत्रिमंडल का विस्तार संभव भी नहीं है।
वास्तव में एकनाथ खडसे मुख्यमंत्री फडणवीस के लिए गले की फांस बने हुए है। फडणवीस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे को कहा फिट करें, इसे लेकर पसोपेश में हैं। ऐसे में खडसे को लेकर आए दिन नए नए शगूफे छोड़े जा रहे है। मंत्रिमंडल में खडसे को जगह देने के बजाय अब उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पिछले दो वर्ष से एकनाथ खडसे मंत्रिमंडल से बाहर है। उन पर लगे सभी आरोपों से खडसे बरी हो चुके है। अब जब आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव सामने है तो खडसे समर्थकों की नाराजगी दूर करने के लिए उन्हें कोई बड़ा पद देना जरुरी हो गया है।
खडसे को मंत्रिमंडल के बाहर कहा जगह दी जा सकती है इस पर चर्चा हाल ही मात्र कुछ घंटो के लिए मुंबई दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात की गई। राज्य में लोकसभा चुनाव से पहले सभी की नाराजगी दूर करने तथा पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर चर्चा के लिए आए शाह से मुंबई एयरपोर्ट पर ही मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राव साहेब दानवे ने मुलाकात की और मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए सदस्यों की सूची भी सौपी दी। खडसे को मंत्रिमंडल में शामिल करने और उन्हें दिए जाने वाले पद को लेकर चर्चा हुई। खडसे को कृषि और राजस्व विभाग सहित अन्य कई विभाग पुनः दिए जाने के विचार पर मुख्यमंत्री सहमत नहीं दिखे उन्हें मात्र कृषि विभाग ही देने का सुझाव दिया। हालांकि इस मामले पर निर्णय बाद के लिए सुरक्षित रख दिया गया।
खडसे को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चा
पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे को यदि मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई तो उन्हें क्या पद दिया जाएगा। यह जिज्ञासा बनी हुई है। सूत्रों की माने तो आगामी लोकसभ चुनाव को देखते हुए खडसे को पार्टी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस मामले में भाजपा के कई नेता खडसे के समर्थन में भी है। खडसे को यदि प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है तो फडणवीस के लिए राहत होगी।
खडसे और फडणवीस में नहीं बनती बात
खडसे महाराष्ट्र में पार्टी में सबसे वरिष्ठ नेता है। राज्य में 2014 में भाजपा की सरकार आने बाद खडसे मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे थे। लेकिन फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाया गया तो वही खडसे को सम्मान जनक एक मंत्रालय दिया गया। लेकिन खडसे के स्वतंत्र काम काज का तरीका फडणवीस को पसंद नहीं आया। थोड़े दिनों में ही दोनों के बीच भौहे तन गई। इसी बीच खडसे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और उन्हें मंत्री पद से दूर होना पड़ा। फडणवीस के लिए खडसे का जाना मतलब मुसीबत का जाना हुआ। अब वे पुनः खडसे को मंत्रिमंडल में नहीं देखना चाहते है।
खडसे पर लगे थे भ्रष्टाचार के आरोप
एकनाथ खडसे पर पुणे स्थित भोसारी में एमआईडीसी की जमीन सस्ते दाम में खरीदने का आरोप था इसके आलावा सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने पाकिस्तान में कुख्यान डॉन दाऊद की पत्नी से बात करने और एक मामले में खडसे के कथित पीए के रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।