मुंबई

Pune: बैंक ऑफ इंडिया की इमारत में लगी बड़ी आग, अफरा-तफरी मची, पुलिस और दमकल विभाग मौके पर

Bank of India Fire: पुणे के लक्ष्मी रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की इमारत में आग लग गई। सात दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है।
less than 1 minute read
• •
Sep 29, 2026
Bank of India Fire update
पुणे में बैंक ऑफ इंडिया की इमारत में लगी आग (Photo: ANI)

Pune Fire News: महाराष्ट्र के पुणे शहर में मंगलवार को लक्ष्मी रोड इलाके में स्थित बैंक ऑफ इंडिया की इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब सात दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। फिलहाल घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है।

शगुन चौक के पास बैंक दफ्तर में भड़की लपटें

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग शगुन चौक के पास बैंक ऑफ इंडिया की इमारत में लगी। इमारत की छठी मंजिल से धुएं के गुबार निकलते देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पूरी इमारत को खाली करवा लिया गया है।

सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

आग की सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और पुणे नगर निगम (PMC) ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सात दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। आग बुझाने के बाद अब इमारत में कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।

आग में किसी के घायल होने की खबर नहीं

अधिकारियों ने बताया कि इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। बैंक कार्यालय में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे। आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की ओर से आग लगने के कारण और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Updated on:
29 Sept 2026 12:50 pm
Published on:
29 Sept 2026 12:27 pm