
Investment Scam: पुणे में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने दो लोगों को निशाना बनाकर कुल 92 लाख 40 हजार रुपये की चपत लगाई है। एक मामले में 84 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस अधिकारी बनकर फोन किया गया और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने तथा गिरफ्तारी की धमकी देकर 45 लाख 20 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। वहीं, दूसरे मामले में शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 47 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की गई। दोनों घटनाओं की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला पुणे के कोथरुड इलाके का है। यहां रहने वाले 84 वर्षीय बुजुर्ग को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में शामिल होने की बात कहकर डराया। आरोपी ने गिरफ्तारी की धमकी दी और कार्रवाई से बचने के नाम पर पैसों की मांग की। धमकी और दबाव में आए बुजुर्ग ने आरोपियों के बताए अनुसार कुल 45 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
कोथरुड पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 319(2), 318(4) और 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया है।
ठगी का दूसरा मामला हड़पसर इलाके का है। यहां रहने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति को शेयर बाजार में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने निवेश से अधिक रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग खातों में उनसे 47 लाख 20 हजार रुपये जमा करवा लिए। जब निवेश की रकम और मुनाफा वापस नहीं मिला, तब पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
दोनों मामलों में ठगी की कुल रकम 92 लाख 40 हजार रुपये है। एक ओर साइबर अपराधियों ने कानून और गिरफ्तारी का डर दिखाकर बुजुर्ग को निशाना बनाया, तो दूसरी ओर शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर निवेशक को ठगा। पुलिस इन शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।