
Pune IndiGo Flight Emergency Landing: महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो (IndiGo) की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर (पहिए) उड़ान के बाद अंदर नहीं जा सके और बाहर ही फंसे रह गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन और भारतीय वायुसेना (IAF) की सतर्कता से विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 पुणे से गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद पायलट को पता चला कि विमान का लैंडिंग गियर सामान्य प्रक्रिया के तहत अंदर नहीं जा रहा है। विमान के पहिए बाहर ही फंसे हुए थे।
इस तकनीकी खराबी के कारण विमान को आगे ले जाना जोखिम भरा हो सकता था। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन को आपात स्थिति की जानकारी दी गई।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए IAF की ओर से पुणे एयरपोर्ट पर तत्काल 'फुल इमरजेंसी' घोषित की गई। इसके बाद एयरपोर्ट पर सभी आपातकालीन इंतजाम सक्रिय कर दिए गए। अग्निशमन दल, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया। सभी टीमें विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए तैयार थीं।
सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर विमान ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
पुणे एयरपोर्ट के निदेशक संतोष ढोके ने बताया, "भारतीय वायुसेना ने फुल इमरजेंसी घोषित की, जिसके बाद सभी निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाएं तुरंत सक्रिय कर दी गईं। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दमकल विभाग, एंबुलेंस सेवाओं और अन्य आपातकालीन बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया था।"
इस विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों के आगे के सफर को लेकर भी इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो एयरलाइंस यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर रही है।
फिलहाल विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से एयरपोर्ट प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली है।