मुंबई

Iran Israel War: दुबई में फंसे पुणे के 84 MBA छात्र, सुरक्षित वापसी की कोशिशें तेज

मध्य पूर्व (Middle East) में अचानक बढ़े तनाव और कई देशों के एयरस्पेस बंद होने के कारण पुणे की इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज (Indira School of Business Studies) के 84 एमबीए छात्र दुबई में फंस गए हैं। ये सभी छात्र पांच दिवसीय शैक्षणिक दौरे पर दुबई गए थे।

2 min read
Mar 01, 2026
Feature image
दुबई में ईरान का मिसाइल अटैक (फोटो- सोशल मीडिया)

मिडिल ईस्ट में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय यात्रियों पर पड़ा है। पुणे की इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज (ISBS) के 84 एमबीए छात्र दुबई में फंस गए हैं। यह छात्र एक स्टडी टूर के लिए दुबई गए थे, लेकिन अचानक शुरू हुए युद्ध और एयरस्पेस बंद होने के कारण उनकी वापसी की उड़ानें रद्द हो गई हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सरकार से मदद मांगी है और छात्रों के सुरक्षित लौटने का आश्वासन दिया है।

संस्थान के अनुसार, 40 छात्रों को 28 फरवरी 2026 को पुणे लौटना था, जबकि बाकी 44 छात्रों की वापसी 1 मार्च 2026 को होनी थी। लेकिन पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ने और उड़ानों पर असर पड़ने से उनकी वापसी फिलहाल टल गई है।

सभी छात्र सुरक्षित, होटल में ठहराया गया

इंदिरा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के डीन, प्रो. डॉ. जनार्दन पवार ने बताया कि सभी छात्र और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें एहतियातन एक होटल में ठहराया गया है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल प्रोग्राम के तहत हर साल छात्रों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव के लिए भेजा जाता है और इस वर्ष कुल 84 छात्र दो बैच में दुबई गए थे।

विदेश मंत्रालय से साधा संपर्क

इंदिरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की चेयरपर्सन तारिता शंकर ने पुष्टि की कि संस्थान लगातार छात्रों और उनके परिवारों के संपर्क में है। उन्होंने बताया कि छात्रों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ समन्वय किया जा रहा है। उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा।

अभिभावकों को दिया आश्वासन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के परिवारों को आश्वस्त किया है कि सभी छात्र होटल में सुरक्षित हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। उन्हें हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर वैकल्पिक रास्तों या उड़ानों के जरिए छात्रों को जल्द से जल्द वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated on:
01 Mar 2026 03:38 pm
Published on:
01 Mar 2026 03:32 pm