
Pune IT Engineer Payal Pawar Death Case: महाराष्ट्र के पुणे में 29 वर्षीय आईटी इंजीनियर पायल पवार-झांबरे की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पायल के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि पायल को एक बेटी थी और ससुराल वाले उसे बेटा नहीं होने पर ताने मारते थे। इस मामले में पुलिस ने पायल के पति अक्षय झांबरे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास-ससुर और ननद के फरार होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, पति के परिवार के साथ पायल भी पुणे के मुकुंदनगर इलाके में रहती थी। वह शहर के प्रतिष्ठित झांबरे पैलेस के मालिक की बहू थी। 30 मार्च 2023 को पायल ने एक बेटी को जन्म दिया था। पायल के भाई ऋषिकेश पवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण वह बहुत परेशान थी। परिवार ने ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने पायल की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से गहन जांच की मांग की है।
पायल के भाई के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पायल और उनके पति के साथ ससुराल के अन्य सदस्यों का विवाद हुआ था। शनिवार देर रात परिवार ने पायल और उनके ससुराल वालों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इस बीच, पायल ने अपने भाई को भेजे आखिरी मैसेज में लिखा था कि अगर मुझे कुछ भी हुआ, तो इसके लिए मेरी सास जिम्मेदार होगी।
इसके बाद 1 नवंबर की सुबह पायल के ससुर ने मायके वालों को फोन किया और बताया कि पायल रात से ही घर से कहीं चली गई है। परिवार का कहना है कि वे 2 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे पायल के घर पहुंचे। वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने पायल के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब वे पायल के ससुर वालों के दूसरे फ्लैट पर पहुंचे तो वहां पायल का शव मिला।
पायल के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के ससुराल वालों ने दिवाली के मौके पर पांच तोला सोना देने की मांग की थी। लेकिन परिवार ने खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कुछ समय देने की मांग की थी। उन्होंने कहा, "अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए उन्होंने हमारी बेटी को खत्म कर दिया। पायल की सास को अपनी अमीरी का बहुत घमंड था। उन्होंने कभी भी पायल के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया।"
पायल के पिता ने कहा, वह किसान है, परिवार पहले से ही सूखे और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पायल पर पति के नाम संपत्ति करने का दबाव भी बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण पायल मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं। लेकिन पिछले सात वर्षों से वह सब सहती रही।
पायल के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि सास-ससुर और ननद उसके मायके की आर्थिक स्थिति को लेकर ताने देते थे। उसे बार-बार यह कहकर अपमानित किया जाता था कि उसके माता-पिता गरीब हैं। शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था और इसी के कारण उनकी बेटी की जान गई।
पायल के भाई ने भी अपनी बहन के ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि पायल की सास उसे कथित तौर पर अपमानित करती थीं और मानसिक रूप से परेशान करती थीं।
पायल के परिवार ने सास, ससुर और ननद की गिरफ्तारी की मांग की है। जबकि पति अक्षय को अदालत ने 7 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है साथ ही, परिजनों ने आरोपियों को कथित तौर पर शरण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। फिलहाल स्वारगेट पुलिस मामले की जांच कर रही है।