
Pune Name Change: महाराष्ट्र के पुणे शहर का नाम बदलकर ‘फुले नगर’ करने की मांग उठी है। राष्ट्रीय OBC मुक्ति मोर्चा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र सौंपकर पुणे का नाम बदलने की मांग की है। संगठन का कहना है कि महात्मा ज्योतिबा फुले की कर्मभूमि रहे पुणे के नाम को उनके सम्मान में ‘फुले नगर’ किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय OBC मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2027 में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती यानी द्विशताब्दी वर्ष मनाया जाएगा। इसी अवसर को देखते हुए संगठन ने पुणे का नाम ‘फुले नगर’ करने की मांग रखी है। संगठन का कहना है कि महात्मा फुले ने समाज सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किया और पुणे उनकी कर्मभूमि रही है। पदाधिकारियों ने कहा कि पुणे का नाम बदलने का उद्देश्य महात्मा फुले के सामाजिक योगदान और उनके कार्यों का सम्मान करना है। इस संबंध में संगठन के प्रतिनिधियों ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें मांग से जुड़ा पत्र भी दिया।
OBC मुक्ति मोर्चा ने महात्मा ज्योतिबा फुले को भारत रत्न देने की मांग भी की है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि पुणे को शिक्षा के क्षेत्र में पहचान दिलाने में महात्मा फुले का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसलिए उनके सम्मान में उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाना चाहिए। संगठन ने यह भी मांग की है कि यदि पुणे का नाम बदलने का प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो इसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी जाए। इसके लिए राज्य सरकार से एक दिन का विशेष विधानसभा अधिवेशन बुलाने की मांग भी की गई है।
महात्मा ज्योतिबा फुले महाराष्ट्र के प्रमुख समाज सुधारकों में गिने जाते हैं। उन्होंने जाति व्यवस्था, अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई और शिक्षा को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम माना। ज्योतिबा फुले और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले ने महिला शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1848 में पुणे के भिड़ेवाड़ा में लड़कियों के लिए स्कूल शुरू करने का श्रेय दोनों को दिया जाता है। इसके अलावा ज्योतिबा फुले ने वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए काम किया और अपने अनुयायियों के साथ सत्यशोधक समाज की स्थापना की।
राष्ट्रीय OBC मुक्ति मोर्चा का कहना है कि महात्मा फुले के इसी ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से पुणे का नाम ‘फुले नगर’ करने की मांग की गई है।