11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

NCP के विलय पर सस्पेंस बढ़ा, सुनेत्रा पवार बोलीं- समय आने पर सब पता चल जाएगा

NCP Merger News: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर हलचल तेज हो गई है। अजित पवार के निधन के बाद कुछ समय तक यह चर्चा शांत पड़ गई थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से एक बार फिर एनसीपी के एकजुट होने का मुद्दा सुर्खियों में है। इस बीच अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की प्रतिक्रिया सामने आई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 11 Nov 2026, 2:55 PM IST

Sunetra Pawar NCP

एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार (Photo: IANS)

Sunetra Pawar: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है। अब NCP अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इस मुद्दे पर अहम संकेत दिया है। बारामती में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'जैसे ही समय आएगा, आपको सब पता चल जाएगा।' उनके इस बयान के बाद दोनों गुटों के एक होने की अटकलें और तेज हो गई हैं।

बारामती में बुधवार सुबह आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सुनेत्रा पवार से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने केवल इतना कहा, 'जैसे समय आएगा, वैसे आपको बातें पता चल जाएंगी।' उनके इस संक्षिप्त बयान को विलय की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

सुनेत्रा पवार के बयान से बढ़ी विलय की चर्चा

पिछले कुछ समय से दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पहले इस तरह की किसी चर्चा से इनकार किया जा रहा था, लेकिन हाल के दिनों में कई वरिष्ठ नेताओं के बयानों ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।

अजित पवार के निधन के बाद दोनों गुटों के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। अब सुनेत्रा पवार के बयान से यह स्पष्ट है कि इस विषय पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जारी है। हालांकि, उन्होंने विलय को लेकर किसी तारीख या आधिकारिक फैसले की घोषणा नहीं की है।

शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल से कहा था- 10 तारीख के बाद बैठेंगे

NCP के विलय की चर्चाओं को उस समय और हवा मिली, जब अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शरद पवार से मुलाकात की थी। दरअसल, शरद पवार पिछले सप्ताह इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसी दौरान प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने पहुंचे थे।

इस मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने बताया था कि शरद पवार ने उनसे कहा था कि '10 तारीख के बाद हम एक साथ बैठेंगे।' इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि दिवाली के बाद दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है।

सुनील तटकरे ने भी स्वीकार की थी विलय पर चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम के बीच अजित पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे का बयान भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने हाल ही में कहा था कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के बीच विलय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी।

तटकरे के इस बयान के बाद विलय की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गईं। इससे पहले दोनों गुटों के नेताओं की ओर से इस मुद्दे पर अलग-अलग बयान सामने आते रहे थे।

शरद पवार की प्रफुल्ल पटेल से मुलाकात, सुनील तटकरे का बयान और अब सुनेत्रा पवार की प्रतिक्रिया ने NCP के विलय के मुद्दे को फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। हालांकि, अभी तक दोनों गुटों की ओर से विलय को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सभी की नजरें आने वाले दिनों में होने वाली संभावित बैठक और दोनों पक्षों के वरिष्ठ नेताओं के अगले कदम पर टिकी हैं।