मुंबई

पुणे: कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग और कोयते से हमला, गवाह की हत्या; हमले में कटा एक हाथ

Pune Shivajinagar court firing: पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक एक मामले में गवाह बताया जा रहा है। हमले में उसका एक हाथ कट गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 2:01 PM IST
Pune Shivajinagar court firing
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हत्या (Photo: IANS/File)

Pune Shivajinagar court attack: महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक सनसनीखेज वारदात हुई है। शिवाजीनगर कोर्ट के गेट नंबर 4 के बाहर दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर गोलीबारी और कोयते से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत होने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक एक मामले में गवाह था। पांच से छह हमलावरों ने गोलीबारी की और उस पर कोयते से हमला किया, जिसमें उसका एक हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर दो अलग-अलग वाहनों में सवार होकर आए थे। उनके पास पिस्तौल और कोयते जैसे धारदार हथियार थे।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले गोली चलाई। जान बचाने के लिए जब पीड़ित भागने लगा, तो हमलावरों ने उसका पीछा किया और कोयते से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में उसका एक हाथ कट गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस ने ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

एक मामले में गवाह था मृतक

इस हत्याकांड को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक किसी मामले में गवाह था। इसी वजह से उस पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह और हत्या की साजिश को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

घटनास्थल से पिस्तौल और कारतूस से भरी मैगजीन बरामद

घटनास्थल से पुलिस को एक पिस्तौल और कारतूस से भरी मैगजीन मिली है। कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों के मुताबिक, हमले के बाद पीड़ित खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा था। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही क्राइम ब्रांच

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दिनदहाड़े अदालत परिसर के बाहर हुई इस हत्या ने पुणे की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने हमलावरों को पकड़ने के साथ-साथ हत्या के पीछे की वजह और मृतक की गवाही से इस वारदात के संबंध का पता लगाने की चुनौती है।

Updated on:
25 Nov 2026, 2:01 PM IST
Published on: