मुंबई

पुणे में दिल दहला देने वाली घटना: 80 वर्षीय पिता पर फावड़े से वार किया, इलाज तक नहीं करवाया, बुजुर्ग ने तोड़ा दम

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पुणे जिले से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के बाद बेटे ने 80 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर फावड़े से हमला कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने अंतिम संस्कार से ठीक पहले शव कब्जे में लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 11:54 AM IST
Pune Father Son murder
सांकेतिक तस्वीर (AI Image)

Pune Crime News: पुणे में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद 46 वर्षीय बेटे ने अपने 80 साल के पिता के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि पिता की मौत के बाद बेटे ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को ठिकाने लगाने और अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी। हालांकि, समय रहते पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई और शव को कब्जे में ले लिया गया।

मृतक की पहचान जगन्नाथ धोंडू होडे (80) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी बेटे का नाम रामचंद्र जगन्नाथ होडे (46) है। वह पुणे के जनता वसाहत स्थित जय भवानी नगर का निवासी है। इस मामले में पर्वती पुलिस स्टेशन में रामचंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मामूली विवाद के बाद पिता के सिर पर फावड़े से किया वार

पुलिस के मुताबिक, जगन्नाथ होडे और उनके बेटे रामचंद्र के बीच मामूली बात पर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर रामचंद्र ने अपने 80 वर्षीय पिता के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में जगन्नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार चल रहा था। घटना के करीब दो दिन बाद आरोपी बेटे ने अस्पताल में हंगामा किया और कथित तौर पर घायल पिता को जबरन अपने साथ ले गया।

रास्ते में हुई पिता की मौत

पुलिस के अनुसार, रामचंद्र अपने घायल पिता को लेकर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जगन्नाथ ने दम तोड़ दिया। इसके बाद बेटे ने पुलिस को सूचना दिए बिना पिता के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच ससून अस्पताल की ओर से पर्वती पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे पुलिस ने तत्काल चिपलून पुलिस से संपर्क किया और उन्हें घटना के बारे में बताया।

अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने कब्जे में लिया शव

सूचना मिलते ही चिपलून पुलिस हरकत में आई और एक टीम को आरोपी के गांव भेजा गया। वहां पुलिस को पता चला कि जगन्नाथ होडे के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस मामले में पर्वती पुलिस स्टेशन में रामचंद्र होडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर आरोपी बेटे ने घायल पिता को अस्पताल से जबरन अपने साथ क्यों ले गया? पिता की मौत के बाद पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार करने की तैयारी क्यों की गई? इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस अभी कर रही है।

Updated on:
8 Nov 2026, 11:54 AM IST
Published on: