
Car Hit Elderly Man in Pune: पुणे जिले के मावल तालुका स्थित तलेगांव दाभाड़े में मामूली विवाद के बाद एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किराना दुकान पर कैरी बैग मांगने को लेकर हुए विवाद में नशे में धुत एक युवक ने पहले 60 वर्षीय बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उसने अपनी कार बुजुर्ग पर चढ़ा दी और पत्थर से भी हमला किया। पिता को बचाने पहुंचे बेटे को भी चोट आई है। वारदात के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। तलेगांव दाभाड़े पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता संभाजी राउत (60) तलेगांव दाभाड़े के ज्ञानेश्वर नगर स्थित हैप्पी सिटी में रहते हैं। वह 23 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे किराना सामान और दूध खरीदने के लिए ज्ञानेश्वर नगर स्थित एक दुकान पर गए थे।
सामान खरीदने के बाद उन्होंने दुकानदार से कैरी बैग मांगा। इसी दौरान दुकानदार का बेटा और आरोपी राहुल बिराजदार नशे की हालत में घर से बाहर आया। उसने बुजुर्ग से पूछा कि उन्हें क्या चाहिए और इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, इसके बाद पीड़ित बुजुर्ग सामान और दूध लेकर वहां से चले गए। जब वह जा रहे थे तभी आरोपी राहुल ने सामने से अपनी सफेद रंग की चार पहिया कार उनके ऊपर चढ़ा दी। इस घटना में बुजुर्ग के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने जमीन से पत्थर उठाकर बुजुर्ग पर हमला कर दिया। पिता को बचाने के लिए उनका बेटा रामलिंग बीच में आया, तो उसके बाएं हाथ की कोहनी में भी चोट लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
इस मामले में तलेगांव दाभाड़े पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी राहुल बिराजदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2), 115(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामूली बात पर हुए विवाद में बुजुर्ग पर कार चढ़ाने और पत्थर से हमला करने की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।