Tata Mumbai Marathon 2025 : टाटा मुंबई मैराथन की शुरुआत 20 साल पहले 2004 में हुई थी। टाटा मुंबई मैराथन का 20वां संस्करण रविवार को आयोजित किया जाएगा।
Mumbai Marathon 2025 : टाटा मुंबई मैराथन का 20वां संस्करण रविवार 19 जनवरी को धूमधाम से शुरू होगा। यह एशिया का सबसे बड़ा और लोकप्रिय मैराथन टूर्नामेंट है, जिसमें देश-विदेश से लाखों लोग अपनी प्रतिभा दिखाने आते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रतिभागी मुंबई लोकल ट्रेन से आयोजन स्थल तक पहुंचते है। इसको देखते हुए रेलवे ने रविवार को दो स्पेशल लोकल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
अधिकारिक बयान के मुताबिक, मध्य रेलवे टाटा मुंबई मैराथन 2025 के लिए दो विशेष उपनगरीय ट्रेन सेवाएं चलाएगा। टाटा मुंबई मैराथन 2025 के प्रतिभागियों की सुविधा के लिए 19 जनवरी (रविवार) को दो विशेष उपनगरीय ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। दोनों विशेष ट्रेनें सभी स्टेशनों पर रुकेंगी।
मेन लाइन (सेंट्रल लाइन)-
कल्याण-सीएसएमटी स्पेशल लोकल कल्याण स्टेशन से सुबह 3 बजे रवाना होगी और सीएसएमटी मुंबई सुबह 4.30 बजे पहुंचेगी।
हार्बर लाइन पर पनवेल-सीएसएमटी विशेष -
यह स्पेशल लोकल ट्रेन पनवेल से सुबह 3.10 बजे छूटेगी और सीएसएमटी सुबह 4.30 बजे पहुंचेगी।
बता दें कि टाटा मुंबई मैराथन का आगाज 20 साल पहले 2004 में हुआ था। टाटा मुंबई मैराथन का 20वां संस्करण रविवार को आयोजित किया जाएगा। इसे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSTM) से हरी झंडी दिखाई जाएगी. एशिया की सबसे प्रतिष्ठित मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन 14 अगस्त को शुरू हुआ था।