मुंबई

Holi Special Train: होली पर घर जाना होगा आसान, रेलवे चलाएगी 440 हॉलिडे स्पेशल ट्रेनें

होली (Holi Special Trains 2026) पर बढ़ती भीड़ और यात्रा की मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने बड़ी संख्या में होली विशेष ट्रेन सेवाएं चलाने का फैसला किया है।

2 min read
Feb 08, 2026
होली स्पेशल ट्रेन 2026 (Patrika Photo)

होली (Holi Special Train) के त्योहार पर यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने मिलकर कुल 440 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे की इस पहल से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों की ओर जाने वाले लाखों प्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए वे पूरी तैयारी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें

Indian Railway: अप्रैल से नए अवतार में चलेंगी ये 2 ट्रेनें, पांच राज्यों के यात्रियों को होगा फायदा

पश्चिम रेलवे की 231 हॉलिडे स्पेशल

पश्चिम रेलवे ने होली के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 231 होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें 1 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच देश के विभिन्न हिस्सों के लिए चलाई जाएंगी। इनमें खास तौर पर उत्तर और पूर्व भारत के राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा ट्रेनों का प्रबंध किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टिकटों की बुकिंग और वेटिंग लिस्ट की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि मांग बढ़ती है, तो नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने के साथ-साथ आने वाले दिनों में नई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी की जा सकती है।

मध्य रेलवे चलाएगी 209 होली स्पेशल ट्रेनें

वहीँ, मध्य रेलवे ने भी यात्रियों को अपने परिवार के साथ होली मनाने की सुविधा देने के लिए 209 विशेष ट्रेन सेवाएं चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। इनमें एसी स्पेशल ट्रेनें, एसी-शयनयान-सामान्य श्रेणी वाली मिश्रित ट्रेनें और अनारक्षित विशेष ट्रेनें शामिल होंगी।

मुख्य रूप से मुंबई से नागपुर, रत्नागिरी और चिपलून सहित कई प्रमुख रूटों के लिए ये सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इन होली विशेष ट्रेनों की विस्तृत समय-सारणी और स्टॉपेज की जानकारी रेलवे द्वारा जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।

प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम

त्योहारी भीड़ को देखते हुए मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, उधना, सूरत और अहमदाबाद जैसे बड़े स्टेशनों पर व्यापक भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अलग होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, पंखे और जन उद्घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इसके साथ ही सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्यिक कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। सभी प्रमुख और संवेदनशील स्टेशनों पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की जाएगी और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बुकिंग काउंटर, मोबाइल टिकटिंग और लगातार घोषणाओं की भी व्यवस्था की गई है।

Updated on:
08 Feb 2026 05:22 pm
Published on:
08 Feb 2026 05:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर