मुंबई

हिंदी नहीं, मराठी बोल… फिजिक्स वाला के कोचिंग में मनसे की गुंडागर्दी, स्टाफ पर बरसाए थप्पड़

मराठी भाषा के कथित अपमान को लेकर मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा की गई इस गुंडागर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
2 min read
Feb 12, 2026
MNS Hooliganism Physics Wallah Nashik
नासिक में फिजिक्स वाला के कोचिंग में मनसे की गुंडागर्दी (Photo: x/@JazbaatJunction)

महाराष्ट्र के नासिक से एक बार फिर भाषा विवाद से जुड़ा मामला सामने आया है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान 'फिजिक्स वाला' (Physics Wallah) के कोचिंग सेंटर में कर्मचारी के साथ मारपीट की। यह घटना शहर के शरणपुर रोड स्थित 'फिजिक्स वाला' की शाखा में हुई। कुछ स्थानीय छात्रों ने कर्मचारी पर मराठी बोलने वाले बच्चों को कथित तौर पर अपमानित करने का आरोप लगाया था।

मराठी अस्मिता के नाम पर सरेआम गुंडागर्दी

यह पूरी घटना नासिक शहर के शरणपुर रोड स्थित ‘फिजिक्स वाला’ की नासिक शाखा में घटी। आरोप है कि यहां के एक गैर-मराठी कर्मचारी ने मराठी में बात कर रहे कुछ छात्रों को देहाती और असभ्य कहकर अपमानित किया था। जब यह बात मनसे कार्यकर्ताओं तक पहुंची, तो करीब चार-पांच कार्यकर्ता सीधे कोचिंग सेंटर पहुंच गए।

हिंदी बोलते ही कोचिंग स्टाफ पर हमला

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यकर्ता पहले छात्रों से पूछताछ करते हैं और जैसे ही कर्मचारी हिंदी में बोलते हुए अपना पक्ष रखने की कोशिश करता है, मनसे कार्यकर्ता उसे मराठी में बोलने की चेतावनी देते हुए उस पर थप्पड़ों की बौछार कर देते हैं।

मारपीट के दौरान मनसे कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी को धमकी भी दी और कहा, "तुम यहां कमाने आए हो, यहीं रहते हो और यहां की स्थानीय भाषा का ही अपमान करते हो? क्या तुम्हें कोई शर्म नहीं है?" इतना ही नहीं मनसे कार्यकर्ताओं ने कोचिंग संस्थान प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि वह आठ दिन के अंदर मराठी भाषी स्टाफ को काम पर रखे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ, तो वे 'मनसे स्टाइल' (हिंसक विरोध) में कार्रवाई करेंगे।

मुंबई में बैंक कर्मचारी को धमकाया

यह पहली बार नहीं है जब मनसे ने भाषा के नाम पर कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हो। पिछले ही हफ्ते मुंबई के माहिम में 'बैंक ऑफ महाराष्ट्र' के एक अधिकारी को भी मनसे नेता ने इसी तरह धमकाया था। उस मामले में भी मराठी में बात करने से इनकार करने पर अधिकारी को धमकाया गया था। एक के बाद एक सामने आ रही इन घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
12 Feb 2026 12:13 pm
Published on:
12 Feb 2026 11:58 am