मुंबई

शरद गुट की NCP ने रोहित पवार के आंदोलन से बनाई दूरी? कार्यकर्ताओं को शामिल न होने का निर्देश

Maharashtra Politics: रोहित पवार के नागपुर ट्रैक्टर मार्च से एनसीपी शरद पवार गुट के पदाधिकारियों को दूर रहने के निर्देश मिलने की खबर है। यह मार्च 4 दिसंबर को शेगांव से शुरू होगा।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:08 PM IST
Rohit Pawar Tractor March
शरद पवार और रोहित पवार (Photo: IANS/File)

Rohit Pawar: महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार नीत एनसीपी (एसपी) के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। महायुति सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर रुख अपनाने वाले कर्जत से विधायक रोहित पवार को अब अपने ही दल से झटका लगने की खबर है। नागपुर में किसानों और खेत मजदूरों के मुद्दों को लेकर प्रस्तावित 'न्याय-अधिकार ट्रैक्टर मार्च' से पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दूर रहने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इतना ही नहीं, रोहित पवार का यह मोर्चा पार्टी के समर्थन के बिना निकाला जा सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद पवार गुट के विदर्भ क्षेत्र के जिला अध्यक्षों और शहर अध्यक्षों को पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे रोहित पवार के किसी भी आंदोलन या कार्यक्रम में शामिल न हों। उन्हें केवल प्रदेश कार्यालय से मिलने वाले निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। ऐसे में रोहित पवार के सामने अपने ही संगठन के भीतर मुश्किलें खड़ी होती दिखाई दे रही हैं।

रोहित पवार के आंदोलन से दूर रहने के निर्देश?

दरअसल, रोहित पवार ने विदर्भ के किसानों, खेत मजदूरों और अन्य प्रभावित वर्गों के मुद्दों को लेकर नागपुर में ट्रैक्टर मार्च निकालने की तैयारी की है। इस सिलसिले में रविवार को नागपुर में उन्होंने विदर्भ के पार्टी पदाधिकारियों, ग्रामीण और शहरी जिला अध्यक्षों के साथ बैठक भी की थी। इस बैठक में ट्रैक्टर मार्च निकालने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बताया जा रहा है कि बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व ने विदर्भ के जिला अध्यक्षों और शहर अध्यक्षों को अलग से निर्देश जारी किये है और पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रोहित पवार के किसी भी आंदोलन में शामिल नहीं होने के लिए कहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से इन निर्देशों को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। उधर, रोहित पवार मार्च निकालने के अपने फैसले पर अडिग बताए जा रहे हैं।

बता दें कि रोहित पवार के नेतृत्व में 4 दिसंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव से ट्रैक्टर मार्च निकालने की योजना है। यह मार्च विदर्भ के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए 9 दिसंबर को नागपुर विधानसभा पहुंचेगा। शरद गुट के नेता का कहना है कि वह इस आंदोलन के जरिए किसानों और खेत मजदूरों की समस्याओं को सरकार के सामने उठाएंगे।

रोहित पवार ने रविवार को नागपुर में हुई बैठक के दौरान कहा था कि यह मोर्चा शरद पवार के मार्गदर्शन में निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि इस आंदोलन में कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को भी साथ लाने के लिए बातचीत की जाएगी।

महायुति में शामिल होने का विरोध

पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) केंद्र और राज्य में एनडीए या महायुति के साथ सत्ता में शामिल हो सकती है। हालांकि रोहित पवार लगातार स्पष्ट कर रहे हैं कि उनकी पार्टी सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल नहीं होगी। वह खुद किसानों, छात्रों और अजित पवार के विमान हादसे समेत कई मामलों को लेकर महायुति सरकार पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं।

Updated on:
23 Nov 2026, 4:08 PM IST
Published on:
Also Read
View All
पुणे में प्रेम संबंधों का खौफनाक अंत, प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या के बाद रातभर शव के पास बैठा रहा इंजीनियर प्रेमी

गायकवाड़ दंपती की मौत के मामले में नया मोड़, BJP पार्षद का दावा- मेरा बेटा नहीं चला रहा था कार, पुलिस ने गलत बनाया आरोपी

वारिस पठान ने लगाया आज़म खान पर जहर उगलने का आरोप, कहा – ‘गलत बयानबाजी के लिए माफी मांगनी चाहिए’

‘सोचिए कोई लड़की रितेश के साथ ऐसा करे’, इमरान हाशमी ने जेनेलिया के झुमके को होंठों से हटाया, भड़के यूजर्स!

चिराग पासवान संग शादी की खबरों पर पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी और अभिनेत्री ने तोड़ी चुप्पी, आरुषि निशंक ने खोले मुलाकात के राज