मुंबई

ये तो सिर्फ ट्रेलर… रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, पुणे से पकड़े गए 5 संदिग्ध

बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इस मामले में पांच संदिग्धों को पकड़ा गया है।

2 min read
Feb 01, 2026
Rohit Shetty Bishnoi gang threat
रोहित शेट्टी और लॉरेंस बिश्नोई (Photo: IANS/File)

मुंबई के जुहू इलाके में रविवार तड़के उस वक्त सनसनी फैल गई, जब फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। अब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे 'शेट्टी टावर्स' के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के समय रोहित शेट्टी घर के अंदर मौजूद थे, हालांकि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस की 12 टीमें बनाई गईं है। इस बीच, पुणे से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में गैंगस्टर शुभम लोणकर (Shubham Lonkar) ने दावा किया है कि यह हमला रोहित शेट्टी को चेतावनी देने के लिए किया गया था। 

‘अगली बार गोली बेडरूम में चलेगी गोली’

शुभम लोणकर आरजू बिश्नोई (Shubham Lonkar Arzu Bishnoi) के नाम से साझा की गई पोस्ट में लिखा गया है कि रोहित शेट्टी को उनके काम में हस्तक्षेप न करने के लिए कई बार मैसेज भेजे गए थे, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। पोस्ट में धमकी देते हुए लिखा गया है, "यह तो बस एक छोटा सा ट्रेलर है। अगर अब भी बात समझ नहीं आई, तो अगली बार गोलियां घर के बाहर नहीं, सीधे बेडरूम में तुम्हारे ऊपर चलेंगी।"

इतना ही नहीं, इस पोस्ट के जरिए पूरे बॉलीवुड को चेतावनी दी गई है कि वे अपना रास्ता सही कर लें, वरना उनका अंजाम भी वैसा होगा।

पुणे से 5 संदिग्ध हिरासत में

इस सनसनीखेज खुलासे के बाद मुंबई पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुणे से 5 संदिग्धों- अमन आनंद मारोटे (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बंडू सकट (23) को हिरासत में लिया गया है, जिनके तार शुभम लोणकर और बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की आशंका है। मुंबई पुलिस इस समय केंद्रीय जांच एजेंसियों के संपर्क में है और उस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है।

कौन है शुभम लोणकर?

शुभम लोणकर एनसीपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का आरोपी है और कई वर्षों से फरार है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह देश छोड़कर भाग चुका है और वर्तमान में उसके चीन में होने की संभावना जताई जा रही है। वह सोशल मीडिया के जरिए बिश्नोई गैंग के लिए गुर्गों की भर्ती और धमकियां देने का काम करता है।

रोहित शेट्टी की बढ़ाई गई सुरक्षा

मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा को और अधिक बढ़ा दिया है। जुहू पुलिस और क्राइम ब्रांच हर उस एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि शेट्टी के सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले फायरिंग की जानकारी दी और उसी के आधार पर शिकायत दर्ज कराई गई है। मौके पर पुलिस को गोली के खोखे मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो सका है।

Updated on:
01 Feb 2026 03:20 pm
Published on:
01 Feb 2026 02:58 pm