मुंबई

समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

Samruddhi Mahamarg Accident: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर अमरावती में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। चंद्रपुर से मुंबई जा रही वैगनआर कार एक ट्रक से टकरा गई। इस भयानक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई।
2 min read
Jun 28, 2026
Samruddhi Expressway Accident news
अमरावती में भीषण सड़क हादसा (Photo: IANS/File)

Maharashtra Highway Accident: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। अमरावती जिले के धामणगांव तहसील में रविवार को हुए इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चंद्रपुर से आ रही एक वैगनआर कार तेज रफ्तार ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार चंद्रपुर से मुंबई की ओर जा रही थी। इसी दौरान धामणगांव रेलवे क्षेत्र में समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 105 के पास कार ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे यात्रियों को बचने का कोई मौका नहीं मिला।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक नाबालिग बच्ची शामिल हैं। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

बचाव दल ने कड़ी मशक्कत से निकाले शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और समृद्धि महामार्ग की आपातकालीन बचाव टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी शवों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि कार की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना की असली वजह विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी।

हादसे के बाद समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया गया और फिर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई। शुरुआती तौर पर पुलिस का अनुमान है कि यह हादसा रफ्तार पर नियंत्रण खोने या फिर 'हाईवे हिप्नोटिज्म' के कारण हुआ हो सकता है, जिसमें सीधे एक्सप्रेसवे पर लगातार गाड़ी चलाने से चालक का दिमाग कुछ पलों के लिए अनभिज्ञ हो जाता है।

Published on:
28 Jun 2026 05:23 pm