Samruddhi Expressway 3 days block: नागपुर-मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। समृद्धि महामार्ग पर 27 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से रोका जाएगा।
नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग (Nagpur-Mumbai Samruddhi Mahamarg Expressway) पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट है। बुनियादी ढांचे से जुड़े जरूरी कामों के चलते इस एक्सप्रेसवे पर 27 दिसंबर से 29 दिसंबर तक यातायात को विभिन्न चरणों में बंद रखा जाएगा।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अनुसार, अमरावती जिले के धामनगांव (Dhamangaon Railway) और चांदूर (Chandur Railway) क्षेत्रों में हाइवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (HTMS) के तहत गैन्ट्री लगाने का काम किया जाना है, जिसके कारण मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित होगा।
एमएसआरडीसी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक्सप्रेसवे पर यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हाई-टेक सिस्टम लगाए जा रहे हैं। ये गैन्ट्री गति नियंत्रण, ट्रैफिक मॉनिटरिंग और आपातकालीन अलर्ट जैसे तकनीकी कार्यों में मदद करेंगी, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
यह काम कुल पांच चरणों में पूरा होगा। प्रत्येक चरण के दौरान संबंधित सड़क पर यातायात को 45 से 60 मिनट के लिए पूरी तरह रोका जाएगा।
27 दिसंबर- चेनेज 104.080 से 105.050 (नंदगांव-वांडी क्षेत्र) में मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग दोपहर 2 से 3 बजे या 3 से 4 बजे तक बंद रहेगा।
28 दिसंबर- चेनेज 105.065 (नंदगांव-वांडी क्षेत्र) में नागपुर की ओर जाने वाला मार्ग दोपहर 2 से 3 बजे या 3 से 4 बजे तक बंद रहेगा।
29 दिसंबर- चेनेज 120.300 (टिटवा क्षेत्र) में नागपुर की ओर जाने वाला मार्ग सुबह 11 से 12 बजे या 12 से 1 बजे तक बंद रहेगा। इसी स्थान पर मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग दोपहर 3 से 4 बजे या 4 से 5 बजे तक बंद रहेगा।
| तारीख | समय (संभावित) | स्थान (Chainage) | प्रभावित रूट |
| 27 दिसंबर | दोपहर 2:00 - 4:00 के बीच | नंदगांव-वंदी क्षेत्र (104.080 - 105.050) | मुंबई की ओर जाने वाली लेन |
| 28 दिसंबर | दोपहर 2:00 - 4:00 के बीच | नंदगांव-वंदी क्षेत्र (105.065) | नागपुर की ओर जाने वाली लेन |
| 29 दिसंबर | सुबह 11:00 - दोपहर 1:00 के बीच | टिटवा क्षेत्र (120.300) | नागपुर की ओर जाने वाली लेन |
| 29 दिसंबर | दोपहर 3:00 - शाम 5:00 के बीच | टिटवा क्षेत्र (120.300) | मुंबई की ओर जाने वाली लेन |
MSRDC ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। काम पूरा होते ही यातायात तुरंत बहाल कर दिया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मौके पर मौजूद निर्देशों और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।