
Maharashtra Education Department: शिवसेना (यूबीटी) के राज्य सभा सांसद संजय राउत ने बुधवार को महाराष्ट्र की भाजपा नीत महायुति सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार में महाराष्ट्र की शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और दो हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद हो गए हैं। हालत इतने खराब है कि आये दिन पेपर लीक हो रहे हैं और शिक्षा विभाग में बिना पैसे कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत में उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र कभी शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य माना जाता था, लेकिन आज हालात चिंताजनक हो गए हैं। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र में 2,000 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। इससे पता चलता है कि महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय को लेकर कितनी गंभीरता है।"
संजय राउत ने शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूलों की मान्यता से जुड़े मामलों सहित किसी भी फाइल पर बिना रिश्वत के काम नहीं होता।
उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है, लेकिन आज 2,000 स्कूल बंद हो चुके हैं। शिक्षा विभाग की स्थिति ऐसी हो गई है कि स्कूल की मान्यता हो या कोई अन्य काम, बिना पैसे दिए कोई फाइल आगे नहीं बढ़ती।"
राउत ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में मुख्यमंत्री की नाक के नीचे करोड़ों रुपये का घोटाला चल रहा है। उन्होंने राज्य में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को भी सरकार की विफलता बताया। उन्होंने दावा किया कि लगभग हर दिन परीक्षा के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यहां तक की नीट पेपर लीक के गुनहगार भी भाजपा के कार्यकर्ता ही हैं, जिन्हें खुली छूट दे रखी है।
संजय राउत के इन आरोपों पर महाराष्ट्र सरकार या महायुति के नेताओं की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।