
Sanjay Raut on NCP Merger: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर जारी चर्चाओं के बीच अब शिवसेना (UBT) के मुखपत्र 'सामना' ने अपने संपादकीय के जरिए इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। 'चलो विलय-विलय खेलते हैं' शीर्षक वाले संपादकीय में दोनों राष्ट्रवादी गुटों के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर तंज कसा गया है। साथ ही दावा किया गया है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) में दो-चार नेता मंत्री पद पाने के लिए बेताब हैं। इस संपादकीय पर सांसद सुप्रिया सुले ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी अपनी बात रखने का अधिकार है।
'सामना' के संपादकीय में राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के बीच विलय की चर्चाओं को सियासी ड्रामा और खेल का मिश्रण बताया गया है। संपादकीय में लिखा गया है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी के दोनों गुटों के बीच कभी नाटक तो कभी मैदानी खेल चल रहा है। नाटक ठीक से रंग नहीं पकड़ रहा और खेल के नियमों को लेकर भी भ्रम बना हुआ है।
संपादकीय में तंज कसते हुए कहा गया है कि कभी यह कबड्डी का खेल लगता है, जिसमें एक-दूसरे की टांग खींची जा रही है। कभी यह पकड़म-पकड़ाई तो कभी लुका-छिपी जैसा दिखाई देता है।
संपादकीय में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और अन्य नेताओं के बयानों पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि पहले यही नेता दावा करते थे कि अजित पवार और शरद पवार के बीच विलय को लेकर कभी कोई बातचीत नहीं हुई। लेकिन अब कहा जा रहा है कि यदि अजित पवार जीवित होते तो दोनों गुटों का विलय हो गया होता।
संपादकीय में यह भी दावा किया गया है कि अजित पवार और उनके समर्थकों के बीजेपी के साथ सत्ता में शामिल होने के बाद अजित पवार को राजनीतिक रूप से असहज महसूस होने लगा था। अजित पवार का राजनीतिक दबाव बढ़ रहा था और उन्होंने वापस लौटने का मन बनाया था। हालांकि, संपादकीय में दावा किया गया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे इस वापसी के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने विलय की प्रक्रिया में बाधाएं पैदा कीं।
संपादकीय में आगे कहा गया है कि अब सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार के नेतृत्व में काम करने की स्थिति के कारण प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के सामने भी राजनीतिक असहजता की स्थिति पैदा हो गई है। इसलिए अब वह एनसीपी को एकजुट करने की बातें कह रहे हैं।
'सामना' के संपादकीय में दोनों राष्ट्रवादी गुटों के संभावित विलय के फॉर्मूले का भी जिक्र किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि एक प्रस्ताव के तहत शरद पवार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष और सुनेत्रा पवार को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनने की चर्चा है।
इसके अलावा एक अन्य संभावित फॉर्मूले का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि जयंत पाटिल और जितेंद्र आव्हाड जैसे एनसीपी शरद गुट के नेताओं को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है, जबकि सुप्रिया सुले को केंद्र की राजनीति में भेजा जा सकता है।
संपादकीय में यह भी कहा गया है कि शरद पवार की पार्टी महाविकास आघाड़ी और इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में विलय को लेकर लगातार इस तरह की अटकलें लगना शरद पवार की राजनीतिक छवि के लिए नुकसानदायक है। यह बिलकुल भी सही नहीं है कि अपने कुछ नेताओं के लिए शरद पवार उन सिद्धांतों को त्याग दें, जिनका उन्होंने जीवन भर पालन किया है।
इस बीच एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने 'सामना' के संपादकीय पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे इस संपादकीय को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि संजय राउत उनके बड़े भाई जैसे हैं और वे उन्हें इस रिश्ते के नाते कह सकते हैं।
एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने आगे कहा कि संजय राउत 'सामना' के संपादक भी हैं और संपादक के तौर पर उनकी अपनी भूमिका और विचार होते हैं। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। अगर उन्होंने मेरे खिलाफ भी कोई लेख लिखा है, तो भी मैं उसका स्वागत करूंगी। यह लोकतंत्र है।''
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार और अजित पवार गुट के संभावित विलय को लेकर लगातार बयान सामने आ रहे हैं। सुनील तटकरे के दावों के बाद इस चर्चा ने और जोर पकड़ लिया है। वहीं, सुप्रिया सुले पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि अजित पवार के निधन के बाद उनकी ओर से विलय की चर्चाओं पर विराम लग चुका है। हालांकि, महाराष्ट्र की राजनीति में यह सवाल बना हुआ है कि क्या भविष्य में दोनों एनसीपी गुट फिर एक होंगी या दोनों की राह अलग-अलग ही रहेगी।