मुंबई

‘गोकुल’ के बाद सतारा में बड़ा सियासी खेला, क्या NCP को मिलेगी जिला बैंक की कमान? महायुति में हलचल तेज

Maharashtra Politics: गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद पर राजेश पाटील की नियुक्ति के बाद अब सातारा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के चुनाव पर सबकी नजरें टिकी हैं।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 9:37 AM IST
Satara District Bank Election update
देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार (Photo: IANS)

Satara District Bank Election: गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद पर राजेश पाटील की नियुक्ति के बाद अब सातारा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के चुनाव पर सबकी नजरें टिकी हैं। सातारा में महायुति के भीतर पहले भी सत्ता को लेकर टकराव हो चुका है। ऐसे में सवाल है कि क्या भाजपा (BJP) इस बार अपने सहयोगी दलों को मौका देकर पुरानी नाराजगी दूर करेगी?

सातारा जिला परिषद चुनाव में पलटा पूरा खेल

सातारा जिला परिषद का चुनाव भाजपा ने अकेले लड़ा था। इस चुनाव में भाजपा को सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं, लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस और शिवसेना की संयुक्त संख्या भाजपा से अधिक थी। इसी वजह से दोनों सहयोगी दलों ने जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपना दावा पेश किया था।

हालांकि, BJP ने किसी भी कीमत पर दोनों पद अपने पास रखने का फैसला किया था। इसके बाद जिला परिषद में ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम हुआ, जिसने पूरे महाराष्ट्र का ध्यान खींचा। BJP ने नाटकीय घटनाक्रम के बीच अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा जमा लिया था।

आधी रात को राष्ट्रवादी के दो सदस्यों पर दर्ज हुआ था अपहरण का केस

जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव से ठीक एक दिन पहले आधी रात को राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो सदस्यों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। अगले दिन सातारा पुलिस जिला परिषद की इमारत में पहुंची और सदन में प्रवेश करने जा रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो सदस्यों संदीप मांडवे और अनिल देसाई को जबरन हिरासत में ले लिया।

इस कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। प्रभारी मंत्री शंभूराज देसाई, राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद पाटील और राज्यसभा सांसद नितीन पाटील के साथ भी पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगा था।

इस घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। मामला विधान परिषद तक पहुंचा था। शंभूराज देसाई ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिया था सहयोगी दलों को सम्मान का भरोसा

इस मामले को लेकर विधान परिषद की तत्कालीन उपसभापति नीलम गोऱ्हे ने गंभीर रुख अपनाया था। उन्होंने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी समेत दोषी पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने के निर्देश सरकार को दिए थे।

विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शंभूराज देसाई और मकरंद पाटील के साथ चर्चा की थी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं होंगी और महायुति के सहयोगी दलों के नेताओं का सम्मान बनाए रखा जाएगा। इसके बाद कुछ समय तक सातारा में राजनीतिक तनाव कम हो गया था।

सातारा जिला बैंक चुनाव में किस पार्टी की कितनी ताकत?

हालांकि, सातारा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के चुनाव में एक बार फिर भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस-शिवसेना के बीच मुकाबला देखने को मिला। इस चुनाव के नतीजों के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक समीकरण दिलचस्प हो गए हैं।

अंतिम नतीजों के मुताबिक, भाजपा को 9, राष्ट्रवादी कांग्रेस को 8 और शिवसेना को 4 सीटें मिली हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव में तीनों दलों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

बता दें कि सातारा जिला परिषद में बहुमत का समीकरण राष्ट्रवादी कांग्रेस और शिवसेना के पक्ष में होने के बावजूद भाजपा ने दोनों महत्वपूर्ण पद अपने पास रखे थे। इस घटनाक्रम से महायुति के सहयोगी दलों में नाराजगी भी सामने आई थी।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा इस बार सहयोगी दलों को अध्यक्ष पद का मौका देकर जिला परिषद में हुई राजनीतिक खींचतान की भरपाई कर सकती है, हालांकि इसका फैसला जिला बैंक के अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान होगा। फिलहाल सस्पेंस बरकरार है।

Updated on:
11 Nov 2026, 9:37 AM IST
Published on: